May 21, 2026
evee

संघ के वरिष्ठ सदस्यों का किया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीरूणिचा पैदल यात्री संघ ट्रस्ट श्रीडूंगरगढ़ द्वारा सोमवार रात बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। संघ सदस्यों ने ज्योत आरती के साथ केक का भोग बाबा को लगाया। कार्यक्रम में संघ अध्यक्ष हरीप्रसाद मूंधड़ा द्वारा संघ के वरिष्ठ सदस्य व उपाध्यक्ष किशन व्यास व मंत्री कमल किशोर नाई को साफा व शॉल औढाकर सम्मानित किया गया। सभी सदस्यों ने जमकर बाबा के जयकारे लगाए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीरूणिचा पैदल यात्री संघ ट्रस्ट श्रीडूंगरगढ़ के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया।

सालासर पैदल यात्री संघ 5 को होगा रवाना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अमृतवासी सुरजनवासी से सालासर पैदल यात्री संघ 5 सितंबर को सुबह सवा सात बजे धूमधाम से रवाना होगा। ग्रामीण श्रद्धालुओं ने संघ की 8वीं फैरी की तैयारियां प्रारंभ कर दी है। रवानगी से पूर्व 4 सितंबर को मंदिर प्रांगण में ही भव्य जागरण का आयोजन किया जाएगा। इस संघ में शामिल होने के लिए श्रद्धालु 9610024697 पर संपर्क कर सकते है।

ऋषि पंचमी के पूनरासर मेले की तैयारियों में जुटे ट्रस्ट के सेवादार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 28 से 30 अगस्त तक पूनरासर में होने वाले ऋषि पंचमी मेले के लिए श्रीपूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट पूनरासर, कोलकाता के बैनर तले ट्रस्ट के सेवादार तैयारियों में जुट गए है। ट्रस्ट के मंत्री मनोज, धनपत डागा, बजरंग पारीक, रमेश व्यास, तुलसीदास, हंसराज मोटू महाराज ने मंगलवार को ट्रस्ट द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दल ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा मंदिर की रोशनी व्यवस्था, पहली बार पूरा मंदिर परिसर टैंट से आच्छादित करवाने, दर्शन हेतु तीन लाइन जिनमें दो पुरूष लाइन व एक महिला लाइन की व्यवस्था की गई है। वहीं ट्रस्ट द्वारा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, कूलर, जनरेटर, शौचालय, की व्यवस्था भी की गई है। ट्रस्ट की धर्मशाला में करीब 200 कमरे पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवंटित किए जा रहें है। वहीं पूनरासर पारायण समिति बीकानेर द्वारा श्रद्धालुओं के लिए तीन ठंडे पानी के टैंकरों की व्यवस्था मंदिर परिसर के बाहर की जा रही है। दो बड़े जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है।
30 सालों से सजावट कर रहें बीकानेर का किराडू लाइट डेकोरेशन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर के किराडू लाइट डेकोरेशन द्वारा मंदिर में गत 30 वर्षों से सजावट का कार्य किया जा रहा है। डेकोरेशन के भुरसा व सत्यनारायण ने बताया कि गत 30 वर्षों से प्रत्येक मेले में रोशनी व मंदिर परकोटा के सजावट का कार्य किया जा रहा है। जिससे यात्रियों व श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ समस्या नहीं हो और बाबा के दरबार की भव्यता खूब बढ़ सकें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीपूनरासर हनुमान जी ट्रस्ट के सेवादार जुटे मेले की तैयारियों में।

ठेके के विरूद्ध धरने के 361वें दिन दोहराया संकल्प।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव धीरदेसर चोटियान में शराब ठेका बन्द करवाने की मांग को लेकर 361वें दिन ग्रामीणों का धरना जारी है। गांव के एडवोकेट श्याम सुन्दर आर्य, गजानन्द शर्मा, भंवरलाल, मनफूल, मदनलाल, रामुराम, मुन्नीराम, सीताराम, लेखराम, भगवानाराम, किशनलाल, तेजपाल, रुपाराम सांसी, बजरंग सांसी, शंकर, किशन चोटिया धरना स्थल पर मौजूद रहें व ठेका बंद करवाने के लिए संघर्ष लगातार करने का संकल्प दोहराया। किशन चोटिया ने बताया कि न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर प्रशासन द्वारा गांव में वोटिंग नहीं करवाना प्रजातंत्र के साथ न्यायालय का मखौल उड़ाने जैसा है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल है और ग्रामीण ये संघर्ष जीत लेने तक जारी रखेंगे।

सक्रिय सेवादारों ने बचाए नीलगाय के प्राण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ऊपनी की उत्तरादी रोही में बंशीधर गोदारा के खेत में एक गर्भवती नीलगाय बदहाल अवस्था में पड़े मिली। उसकी पीड़ा को देख कर गोपालनाथ, बजरंग, शंकरलाल, मूलचंद ने नीलगाय की देखरेख करते हुए जंभेश्वर पर्यावरण एवं जीवरक्षा के तहसील अध्यक्ष कैलाश बिश्नोई को सूचना दी। बिश्नोई के आग्रह पर वेटरनरी डॉक्टर सुभाषसिंह राजपूत मौके पर पहुंचे और नीलगाय के पेट में बच्चे के मरने की पुष्टि की। सभी ने मिलकर कठिन प्रयास से मृत बच्चे को नीलगाय के पेट से बाहर निकाला व उसे दफनाया। वहीं वन विभाग के सत्यपालसिंह की अगुवाई में दल ने पहुंचकर नीलगाय को रेस्क्यू किया और वन विभाग के रेस्क्यू सेंटर लाकर उसका ईलाज प्रारंभ किया।

कन्या महाविद्यालय में सीट बढ़ाने के लिए दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय सदुदेवी पारख कन्या महाविद्यालय में सीटें बढ़ाने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा के नाम तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सुनील तावणियां की अगुवाई में कॉलेज की छात्राएं शामिल रही। तावणियां ने बताया कि कॉलेजों में वंचित छात्राओं को भी प्रवेश मिलना चाहिए और इसके लिए स्थानीय कॉलेज में सीटें बढ़ाए जाने की मांग की गई है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तहसीलदार को सौंपा उच्चशिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन।