May 21, 2026
evee

समानता का दिया संदेश, बेटियों को घोड़ी पर बिठाकर निकाली बिंदोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव सूडसर में एक परिवार ने रूढ़िवादी परंपराओं से इतर बेटा बेटी एक समान का संदेश देते हुए अपनी बेटियों के विवाह में उन्हें घोड़ी पर बिठा कर बिंदोरी निकाली। गांव के कटारिया परिवार ने बेटी रेखा और मोनिका को घोड़ी पर बिठाकर बैंड बाजे के साथ बेटों की तरह ही बिंदोरी निकाली। परिजनों ने नाच-गाकर उत्सव मनाया। दोनों युवतियों ने बताया की उनके परिवार में बेटियों को पूरा मान और सम्मान मिलता है और परिवार में उन्होंने अपने व भाइयों के बीच कोई भेदभाव नहीं देखा। पिता त्रिलोकचंद कटारिया व ताऊ रिकाराम कटारिया, टेऊ-सूडसर ग्राम सेवा सहकारी समिति के उपाध्यक्ष चंपालाल कटारिया ने इस मौके पर सभी से बेटियों को बोझ समझने की परिपार्टी तिलांजलि देने व बेटियों को शिक्षित करने के लिए पूरा ध्यान देने की बात कही।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कटारिया परिवार ने निकाली बेटियों की बिंदोरी, दिया समानता का संदेश।

संत सान्निध्य में दुसारणा गौशाला का लोकार्पण, मनाया भव्य उत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव दुसारणा में श्रीकृष्ण गौसेवा समिति, गौशाला का गोपाष्टमी के पर्व पर संतो के सान्निध्य में लोकार्पण किया गया। सुबह सर्वप्रथम पंडित सुनील जाजड़ा दुलचासर ने वैदिक मंत्रोचार के साथ हवन पूजन संपन्न करवाया। जिसमें मुख्य यजमान के रूप में सामूहिक रूप से गौशाला कमेटी के सदस्य, ग्रामीणों व मातृशक्ति ने घी खोपरों की आहुतियां दी। उसके पश्चात पुष्प वर्षा के साथ संतों का भव्य स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में संत रामेश्वरानंदजी महाराज, महंत स्वामी सत्यानंदगिरी जी महाराज के हाथों लोकार्पण हुआ। अतिथि के रूप में संत आशीषजी महाराज व पंडित प्रकाश तिवाड़ी भी शामिल हुए। संतो ने प्रवचन करते हुए गौमाता की सेवा मानव जीवन का श्रेष्ठ कार्य बताया। संत आशीष जी महाराज की ओर से गौ माताओं को छप्पन भोग का प्रसाद खिलाया गया। पूजा अर्चना के बाद गौमाताओं को संतो के साथ गौशाला में प्रवेश करवाया गया और ग्रामीणों ने गौमाता के जयकारे लगाए। सभी संतो व अतिथियों का सम्मान किया गया व महाप्रसाद का आयोजन भी संपन्न हुआ। गांव के सभी युवा कार्यकर्ताओं ने समारोह की कमान संभालते हुए अपनी सेवांए दी। गौशाला अध्यक्ष मोहनलाल गोदारा, सदस्य रुगाराम मूंड, रामप्रताप सारण, रतनलाल गोदारा, पेमाराम गोदारा सहित सदस्यों ने सभी का आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संत सान्निध्य में गौमाताओं का गौशाला में पुष्पवर्षा के साथ प्रवेश करवाया गया।

बिग्गा में होगा क्रिकेट का महाकुंभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बिग्गा में ग्रामीणों द्वारा आगामी 10 नवबंर से क्रिकेट महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। आयोजक टीम ने गांव के श्रीवीर बिग्गाजी खेल मैदान में आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी है। प्रतियोगिता में विजेता को 31 हजार व उपविजेता को 21 हजार नगद राशि सहित ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजक दल के सदस्य ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 2100 रूपए प्रवेश फीस होगी तथा 10-10 ओवर के मैच होंगे। टीम में सभी 11 खिलाड़ी एक ही गांव के होने चाहिए तथा एंपायर का निर्णय सर्वमान्य होगा। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए टीमें 9928938718 पर या 95093352237 पर संपर्क कर सकते है।