






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अप्रैल 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की 5 खास खबरें एक साथ, एक नजर में।
किया स्वराज संवाद, कार्यकर्ताओं से आह्वान, संविधान, देश बचाने की उठाएं जिम्मेदारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अप्रैल 2025। कांग्रेस विचारधारा के प्रमुख संगठन राजीव गांधी पंचायती राज संगठन द्वारा गुरूवार को स्वराज सवांद एवं राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। संगठन के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हरिराम बाना ने कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं से संविधान एवं देश बचाने के लिए साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ जनजागरण की जिम्मेदारी उठाने का आह्वान किया। बाना ने कहा कि साम्प्रदायिक ताकतों के सहारो से ही देश की सर्वधर्म समभाव एवं गंगा-जमुनी तहजीब पर खतरा मंडरा रहा है एवं ऐसे में आवश्यकता है कि इनके झुठे भुलावों से आमजन को बाहर निकालने के लिए कांग्रेस विचाराधारा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आप को क्रांतिकारी बना कर सक्रिय रहे। इस मौके पर प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू द्वारा 11 अक्टूबर 1959 में पंचायती राज की शुरूआत करने को याद किया गया एवं पंचायती राज के माध्यम से ही देश के गांवों का विकास हो पाने की बात कही गई। संगोष्ठी में पूर्व पार्षद मूलचंद स्वामी, दीपक गौतम, लक्ष्य प्रजापत, धर्मपाल बांगड़वा, बीरबलसिंह बीका, विक्रमसिहं केऊ, संतोष कुमार गोदारा, विजय डोटासरा, राहुल वाल्मीकि, पदमनाथ सिद्ध, राजपाल डेलू, भंवर लाल गोदारा, शिवलाल सिहाग, रामलाल नाहर, रामरख भादू, मोहसीन खान, कालू बाना, रामप्रसाद बुड़िया, रामनारायण बुड़िया आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे एवं संविधान बचाने की शपथ ली।

नया बना टयुबवैल नहीं किया शुरू, गांव में पेयजल संकट, ग्रामीणों ने जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अप्रैल 2025। क्षेत्र के गांव सालासर में 2023 में विधायक कोष से बने हुए टयुबवैल को शुरू करवाने की मांग पर ग्रामीणों ने गुरूवार को तहसीलदार को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने 2023 में टयुबवैल का निर्माण पूर्ण हो जाने के बाद भी आज तक शुरू नहीं करने को विभागीय उदासीनता की पराकाष्ठा बताया व इस कारण गांव में पेयजल किल्लत होने की जानकारी दी। ग्रामीणों ने गांव में पेयजल किल्लत व्याप्त होने, पशु खेलियां सूखी पड़े होने की बात कहते हुए जल्द से जल्द टयुबवैल को शुरू करवाने की मांग की है।

कोलायत विधायक पहुंचें श्रीडूंगरगढ़, जताई संवेदना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अप्रैल 2025। कोलायत विधानसभा के विधायक एवं पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी के पौत्र अंशुमानसिंह भाटी गुरूवार को श्रीडूंगरगढ़ पहुंचें। भाटी पूर्व विधायक किशनाराम नाई की बाड़ी पहुंचें एवं उनके निधन पर शोक संवेदना जताते हुए परिजनों से मुलाकात की। भाटी ने उनके साथ राजनैतिक संस्मरणों को याद करते हुए उन्हें सच्चा नेता बताया। इस मौके पर नाई के पौत्र आशीष जाड़ीवाल, दीपांशू जाड़ीवाल ने आभार जताया।

संदीप भारतीय बने तहसील अध्यक्ष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अप्रैल 2025। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिलाध्यक्ष भादर मेघवाल ने श्रीडूंगरगढ़ के संदीप भारतीय को संगठन के श्रीडूंगरगढ़ तहसील अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है। साथ ही कार्यसमिति का गठन करने व संगठन का प्रचार प्रसार कर सदस्य बनाने की जिम्मेदारी दी है।

कृषि मंडी के सामने बाईक स्लिप, एक घायल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अप्रैल 2025। गुरूवार दोपहर करीब चार बजे श्रीडूंगरगढ़ में कृषि मंडी के सामने एक मोटरसाईकिल स्लिप होने से एक युवक घायल हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव ऊपनी निवासी 24 पर्षीय सुखराम पुत्र गोरधन गोदारा श्रीडूंगरगढ़ से अपने गांव के लिए अपनी मोटरसाईकिल पर लौट रहा था। बीदासर रोड़ स्थित कृषि मंडी के पास सामने से गाडी आने के कारण मोटरसाईकिल अनियंत्रीत होकर स्लिप हो गई। मोटरसाईकिल से गिरने के कारण सुखराम को चोटें आई जिसे आपणो गांव सेवा समिति की एम्बुलैंस से उपजिला चिकित्सालय पहुचांया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।



