






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 दिसंबर 2024। नेशनल हाइवे पर स्थित क्षेत्र के एकमात्र सीबीएसई स्कूल सेसोमूं में शनिवार को दो दिवसीय एनुअल स्पोर्ट्स मीट संपन्न हुआ। दूसरे दिन उत्साह के विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। स्कूल के चारों सदन एमराल्ड, रूबी, सैफायर और टोपाज के छात्र-छात्राओं ने शानदार खेल प्रदर्शन किया। इस दौरान रिले रेस, हर्डल्स रेस, ट्रिपल जंप, लॉन्ग जंप, हाई जंप, जेवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट थ्रो जैसे खेल खेलें गए। इस दौरान एमराल्ड और सैफायर सदनों के बीच हुई कड़ी टक्कर ने स्पोर्ट्स मीट को रोमांचक बना दिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि स्कूल के पूर्व विद्यार्थी रहें उद्योगपति श्रीराम शर्मा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन को अनुशासित और सार्थक बनाने का माध्यम खेलों को बताया। उन्होंने छात्रों को खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और भावी जीवन में सफलता के लिए इनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। स्कूल के चेयरमैन जगदीशप्रसाद मूंधड़ा, वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पद्मा मूंधड़ा, प्राचार्य सुब्रत कुंडू, एकेडमिक कॉर्डिनेटर फरियाद अली, और सीईओ घनश्याम गौड़ ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। अनेक अभिभावक कार्यक्रम में शामिल हुए व आयोजन की सराहना की। अभिभावकों के लिए भी ‘लेमन एंड स्पून रेस’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें श्रीमती मीनाक्षी कंवर प्रथम, श्रीमती प्रेम बेनिवाल द्वितीय और श्रीमती गोमती बेनिवाल तृतीय स्थान पर रहीं। स्पोर्ट्स मीट को सफल बनाने में स्कूल के शारीरिक शिक्षक रामनिवास बेनिवाल और योग शिक्षक बीरेश राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हाउस मास्टर्स और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों ने आयोजन को सफल बनाया। स्पोर्ट्स मीट के समापन पर सैफायर हाउस ने 414 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता। एमराल्ड हाउस ने 408 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि टोपाज हाउस 367 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। विजयी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य कुंडू ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आगंतुकों, शिक्षकों, छात्रों और समस्त स्टाफ का धन्यवाद ज्ञापित किया।





