May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 नवंबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक में 23, 24 व 25 नवंबर 2025 को पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। 23 नवंबर, रविवार को क्षेत्र में 157 बूथों पर 46,836 नन्हें मुन्नों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई जाएगी। चिकित्सा विभाग ने अभियान की पूर्व तैयारी गुरूवार को प्रारंभ कर दी है। उपजिला अस्पताल के सभागार में 17 सेक्टर चिकित्सा अधिकारियों की बैठक ली गई व उन्हें लक्ष्य देते हुए अभियान की सफलता की जिम्मेदारी सौंपी गई। ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी ने बताया कि 23 नवंबर की सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक उपखंड क्षेत्र में 157 बूथों पर बच्चों को पल्स पोलिया की दवा पिलाई जाएगी। वहीं अभियान के दूसरे व तीसरे दिन 24 व 25 नवंबर को घर-घर पहुंच कर चिकित्सा कार्मिक पोलिया की दवा पिलाकर लक्ष्य पूरा करने का प्रयास करेंगे। डॉ सोनी ने बताया कि 17 सेक्टर के चिकित्सा अधिकारी अपने अपने सेक्टरों में शुक्रवार व शनिवार को अभियान से संबंधित ट्रेनिंग मेडिकल कार्मिकों को देंगे। ब्लॉक प्रोग्रामर राकेश थालोड ने बताया कि गुरूवार को एक अन्य प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन भी किया गया जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, सहायिकाएं शामिल हुई। सभी कार्मिकों को अभियान की पूरी जानकारी दी गई। थालोड ने बताया कि पूरे क्षेत्र में 8 कोल्ड चैक पॉइंट बनाए गए है, जहां से दवा का वितरण किया जाएगा। अभियान को सुचारू संपन्न करने के लिए 6 बूथों पर एक सुपरवाइजर की नियुक्ति की गई है और क्षेत्र में कुल 30 सुपरवाईजर लगाए गए है। उपजिला अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी ने बताया कि अभियान के तहत श्रीडूंगरगढ़ शहर में 30 बूथ बनाए गए है व 10 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं अन्य बूथ ग्रामीण अचंल में हैं। दोनों ही प्रशिक्षण कार्यशालाओं में अनेक चिकित्सा कार्मिक शामिल हुए।