






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 नवंबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में युवाओं व किशोरों ने जरूरतमंदों के लिए वस्तुओं का संग्रहण कर, उन वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है।
तेरापंथ युवक परिषद एवं तेरापंथ किशोर मंडल श्रीडूंगरगढ़ द्वारा जरूरतमंदों की सेवा के लिए क्षेत्र में एक अनूठी पहल की जा रही है। युवा व किशोर “कलेक्ट एंड डोनेट ड्राइव-2025” के नाम से नवबंर माह में वस्तुओं के संग्रहण का अभियान चलाएंगे। अभियान के तहत उपयोग योग्य कपड़े, ऊनी वस्त्र, खिलौने, जूते-चप्पल, कंबल, शॉल, रजाई, पैक्ड फूड आइटम, मोजे, गलीचा आदि वस्तुओं का संग्रहण करेंगे। वस्तुओं का संग्रहण रानी बाजार में स्थित अशोक झाबक के घर पर किया जाएगा। झाबक ने बताया कि सभी वस्तुएँ पूर्णतया उपयोग योग्य होने पर ही ली जाएगी और उन वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा। सदस्यों ने बताया कि सक्षम परिवारों का छोटा सा योगदान भी किसी के जीवन में बड़ी खुशी बन सकता है, इसी भावना के साथ ये कार्य किया जाएगा। टीम द्वारा संकलित वस्तुओं को व्यवस्थित रूप से छांटकर, पैक कर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जाएगा। चमन श्रीमाल ने बताया कि जो लोग सामान पहुंचा नहीं सकते वे 96362 88181 या 97488 81003, 80941 87907 पर संपर्क कर सकते है। संगठन के युवा व किशोर उनके घर तक जाकर सामान का संग्रहण करेंगे। सदस्यों ने सभी क्षेत्रवासियों से इस अभियान में सहयोग की अपील की है। युवाओं ने कहा कि ये मदद किसी जरूरतमंद परिवार की सहायता होगी और समाज में सेवा व संवेदनशीलता के संदेश का प्रसारण भी होगा।



