May 20, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अगस्त 2025। श्रीडूंगरगढ़ में दो स्वीफ्ट कारों की टक्कर में पांच युवाओं की मौत के बाद पुलिस प्रशासन क्षेत्र में हो रही दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में सक्रिय है। इसी हादसे के बाद बीकानेर एसपी कावेंद्र सिंह ने टीआई नरेश निर्वाण, श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी व सेरूणा एसएचओ पवन कुमार के साथ हाइवे का निरीक्षण किया। एसपी ने जयपुर हाईवे पर बीकानेर स्थिति हल्दीराम प्याऊ से कीतासर तक 100 किलोमीटर एरिया में तीन जगहों पर दुर्घटनाओं का जोखिम माना है। उन्होंने हादसे रोकने के लिए प्रबंध करने की बात टीम से कही व प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि तीन संवेदनशील क्षेत्र में पहले हल्दीराम प्याऊ के बाद दूसरा नेशनल हाइवे 11 पर सेरूणा के जोधासर में 6 किलोमीटर व श्रीडूंगरगढ़ से आगे बिग्गा और कीतासर की तरफ करीब 14 किमी तक संवेदनशील क्षेत्र माना गया है। इन स्थानों पर हादसों को रोकने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात उच्चाधिकारी ने कही है। पुलिस से मिली सूचना के अनुसार पुलिस इन स्थानों पर बेरिकेट्स लगाएगी। हाईवे से जुड़ी लिंक रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाकर रेडियम लगाएंगे, स्पीड लिमिट संकेतक की संख्या बढ़ेगी, हाईवे पर रात 8 बजे के बाद शराब बिक्री पर सख्ती होगी, हाईवे से लगते गांवो में ट्रैफिक मित्र बनाए जाएंगे जो ग्रामीणों को समझाएंगे की पशुओं को खुला ना छोड़े तथा चार पांच जगह चिह्नित कर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी।