






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 मार्च 2024। श्रीडूंगरगढ़ अंचल में होली के त्योहार का जो उल्लास गली-गली, गांव-गांव में छा जाता है संभवत होली के आंनद लेने का पूरे देश में सबसे निराला अंदाज है। गली मोहल्लों में फाग, चंग, धमाल, घींदड़ के रंग में रंगे नजर आने लगते है। प्रवासी नागरिक श्रीडूंगरगढ़ के नवरात्र, दीपावली, गणगौर ही नहीं होली का भी खूब स्मरण करते है। वे जहां है वहीं अपने रीति रिवाजों के साथ त्योहार मनाने के प्रयास करते है। दिल्ली में प्रवासी नागरिकों द्वारा किए गए भव्य आयोजन के बाद अब सूरत में भी विशाल आयोजन की तैयारी में प्रवासी जुट गए है। श्रीडूंगरगढ़ नागरिक परिषद सूरत के तत्वाधान में परिषद के सदस्यों द्वारा आगामी 23 मार्च शनिवार को होली स्नेह मिलन का आयोजन किया जाएगा। गोविंदराम राठी ने बताया कि श्री माधव फार्म कैपिटल स्क्वेयर के पीछे पर्वत पटिया मगोब में शाम 5:30 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक समारोह का आयोजन होगा। फाल्गुन के गीतों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होगी व फुलों से होली खेली जाएगी। इस दौरान प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। जयप्रकाश तापड़िया, कमल राठी, आलोक बरड़िया सहित आयोजक मंडल के सदस्य तैयारियों में जुट गए है।



