






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जुलाई 2025। हाइवे पर गत नौ दिनों में सात मौतों ने क्षेत्र में लोगों को व्यथित कर दिया। बुधवार को विधायक ताराचंद सारस्वत ने इस पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर नेशनल हाईवे संख्या 11 (जो श्रीडूंगरगढ़ से होकर गुजरता है) को फोर-लेन में बदलने की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में बताया कि यह हाईवे क्षेत्र की कृषि मंडी, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजारों और घनी आबादी के बीच से होकर गुजरता है, जिससे यहां पर यातायात का भारी दबाव बना रहता है। मूंगफली उत्पादन व व्यापारिक गतिविधियों के चलते हर सीजन में भारी मालवाहक वाहन इस मार्ग पर चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि संकीर्ण मार्ग और कमजोर संरचना के कारण आमने-सामने की टक्कर जैसी दुर्घटनाएं क्षेत्र में आम हो गई हैं। विधायक ने कहा कि इसका रखरखाव भी ठीक से किया जाना चाहिए। यहां हाईवे किनारे लगी फेंसिंग की बार-बार चोरी हो रही है। विधायक ने बीकानेर से रतनगढ़ तक इस हाईवे को जल्द ही चार लेन में परिवर्तित करने व फोर लेन के मॉडल से दुर्घटनाएं रोके जाने की मांग की जिससे क्षेत्र में सुगम हो और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिले। टूटी फेंसिंग और रख-रखाव को दुरस्त करने के लिए विधायक ने जिला कलेक्टर बीकानेर से मिल कर भी स्थिति से अवगत करवाया है। उन्होंने कलेक्टर से इस विषय को गंभीरता से लेने की मांग करते हुए सड़क सुरक्षा समिति अध्यक्ष को पत्र लिखकर तुरंत कार्यवाई की मांग की है।



