May 21, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 जुलाई 2024। स्थाई ईओ के नहीं होने का दंश झेल रहा शहर आखिर कब तक रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी प्रतिक्षारत ही रहेगा। यहां एक ओर तो बेपटरी सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है और दूसरी ओर नागरिकों में आक्रोश बढ़ रहा है। शनिवार को बिना बरसात उपजिला अस्पताल के बाहर भरा पानी सुबह से और अधिक बढ़ गया है। गंदे पानी में से होकर गुजर रहें मरीज व उनके परिजन प्रशासन व नेताओं को कोस रहें है। यहां भर्ती मरीजों के परिजन भारी परेशानी झेल रहें है वहीं ओपीडी में आने वाले मरीज भी खासी दिक्कत का अनुभव कर रहें है। यहां राउमावि बालिका में भी आने जाने का रास्ता गंदे पानी से बुरी तरह से प्रभावित है। बता देवें शुक्रवार शाम को एडिशनल कमिश्नर ओमप्रकाश विश्नोई भी यहां के हालात देखकर खासे नाराज हुए और नोखा गए ईओ को फोन पर लताड़ लगाते हुए तुरंत सफाई के निर्देश दिए। परंतु यहां उनके आदेश भी नाकाम साबित हुए और गंदे पानी की मात्रा सुबह और अधिक हो गई है। इस गली से मोमासर बास की और जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना ही बंद नहीं हुआ वरन घर में भी बदबू के कारण रूमाल मुंह पर रखकर दिन गुजार रहें है।
ईओ की समस्या का आखिर कब होगा समाधान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राज्य सरकार द्वारा अविनाश शर्मा को श्रीडूंगरगढ़ पालिका का दायित्व दिए जाने पर यहां पालिका संबंधी कार्यों के पटरी पर आने की उम्मीद नागरिकों ने लगाई। परंतु नियुक्ति के दूसरे ही दिन उन्हें नोखा व देशनोक का कार्यभार दे दिया गया और तब से यहां की व्यवस्था सुधार होने की उम्मीद भी चरमरा गई। नागरिकों का कहना है कि यहां प्रशासन व विधायक को ईओ ही स्थाई लाना होगा जिससे व्यवस्था सुधार हो सकें। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने टाइम्स को बताया कि विधायक से स्थाई ईओ की मांग की गई है जिससे पालिका से जुड़े सभी कार्य समय से हो सकें। बहरहाल जो भी हो नागरिक सफाई व्यवस्था दुरस्त करने की मांग कर रहें है।
“रात से ही मैं स्वयं मॉनिटरिंग कर रहा हूं, मशीनें लगी हुई है, शीघ्र ही जल निकासी करवाने के प्रयास जारी है इस गली के एक एक चैंबर में दो ट्रॉली प्लास्टिक निकल रहा है, जाम की विकट स्थिति है जिसे मशीनों से खाली करवाया जा रहा है।”-पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा
“एडिशनल कमिशनर यहां के हालात देखकर बिफर गए थे, उन्होंने पालिका ईओ को झाड़ लगाते हुए तीन घंटे में सफाई करने के निर्देश दिए थे, परंतु 15 घंटे बीत जाने के बाद यहां सफाई तो दूर गंदा पानी बढ़ा है। मरीज व उनके परिजन बुरी तरह से परेशान है, मेडिकल स्टाफ भी पालिका से लगातार शिकायत कर थक गया है।“ – डॉ एसके बिहाणी, प्रभारी उपजिला अस्पताल।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिना बरसात बेबस पालिका, नहीं निकला उपजिला अस्पताल के आगे से गंदा पानी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गर्ल्स स्कूल और उपजिला अस्पताल में आना जाना हुआ दुभर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मरीज के परिजन गंदे पानी में होकर पहुंच रहें अस्पताल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वे लगातार मॉनिटरिंग कर व्यवस्था दुरस्त करवाने के प्रयासों में जुटे है।