






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अक्टूबर 2023। तेरापंथ युवक परिषद श्रीडूंगरगढ़ के कर्मठ युवाओं ने शुक्रवार को मुंबई पहुंच कर युगप्रधान आचार्य श्रीमहाश्रमणजी के दर्शन कर तेयुप के 57वें राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लिया। इस अधिवेशन में कॉन्फिडेंट पब्लिक स्पीकिंग की कार्यशाला के श्रेष्ठ व सफल आयोजन के लिए, सम्यक दर्शन कार्यशाला में संख्यात्मक व गुणात्मक सहभागिता के लिए तथा तेरापंथ टास्क फोर्स के ट्रेनर के रूप में अपनी सेवाएं देने के लिए तेरापंथ युवक परिषद एवं तेरापंथ किशोर मंडल को तीन अव्वल पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। परिषद की ओर से तेयुप अध्यक्ष मनीष नौलखा, मंत्री दीपक सेठिया, निवर्तमान अध्यक्ष प्रदीप पुगलिया ने सम्मान ग्रहण किया। अध्यक्ष नौलखा ने अपनी टीम के प्रति गर्व प्रकट करते हुए इन पुरस्कारों को पूरी टीम के समर्पण व सेवाकेंद्र व्यवस्थापिका साध्वी डॉ संपूर्णयशाजी के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल बताया। इन पदाधिकारियों ने सभी साध्वियों के प्रति कृतज्ञता जताई। तेरापंथ समाज में उत्साह का माहौल छाया है। तेयुप सदस्यों को राष्ट्रीय स्तर पर श्रीडूंगरगढ़ का नाम रोशन कर तेरापंथ गौरव बढा़ने पर बधाइयां मिल रही है।






