May 21, 2026
NEWS

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 सितंबर 2021। क्षेत्र के गांव सुरजनसरधीरदेसर व कस्बे के वार्ड 23 में बिजली के लोहे के 35 पोल करंट दौड़ती मौत लिए खड़े है। बरसात के इस मौसम में जब कस्बे में व गांवो में जगह जगह पानी भरा है तो ग्रामीण इससे दहशत में है। घरों की दीवार से सटे करंट मारते पोल, घर की बाड़ के पास करंट मारते पोल, गांवो के मुख्य रास्तों पर खड़े पोल ग्रामीणों को डरा रहें है वे बच्चों के यहां से गुजरने से भी डर से सिहर उठते है। लगातार पशुओं के यहां से चिपक कर काल का शिकार बन रहें है। झुंझुनू के एक बालक के करंट से घायल होने का वायरल वीडियो ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ा रहा है। गांव सुरजनसर में करीब 12 तथा धीरदेसर में 20 लोहे के पोल खड़े है। बता देवें जिलाकलेक्टर की जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत करने पर जिलाकलेक्टर ने विभाग को शीघ्रता से इन्हें बदल देने का आदेश दिया। इसके बाद लगातार ग्रामीण विभाग से ये मांग कर रहें है परन्तु बिजली विभाग में सुनवाई हो जाना भी कोई खेल नहीं है। सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि लगातार विभागीय अधिकारियों से इस बारे में बात की जा रही है परन्तु नतीजे ढाक के तीन पात है। ग्रामीणों के आक्रोश का मूड कह रहा है कि अगर कोई हादसा हुआ घटित हुआ तो विभाग को या सरकार को माफ नहीं किया जाएगा। वार्ड 23 के पार्षद रामसिंह जागीरदार ने बार बार अपने वार्ड में लोहे के पोल बदलने की मांग मंगलवार को जिलाकलेक्टर से की है। रामसिंह ने बताया कि 13 सितंबर को भी यहां एक गोवंश की करंट से मौत हो गई और बार बार विभाग से मांग कर परेशान हो गए है अब संभवतः जिलाकलेक्टर इसे हटवा कर वार्डवासियों को सुरक्षित करवा सकें।