






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 नवम्बर 2025। शुक्रवार देर रात उत्तरप्रदेश पुलिस ने कानपुर में 3 साल पहले चोरी कर फरार हुए श्रीडूंगरगढ़ के युवक की तलाश में दबिश दी। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ पुलिस टीम साथ रही एवं युवक को उसके घर से उठाया। एसआई मोहनलाल ने बताया कि कानपुर के कलेक्ट्रटगंज थाने में वर्ष 2022 में दर्ज नकदी चोरी के मामले में आरोपी श्रीडूंगरगढ़ के मोमासर बास निवासी श्याम सुंदर प्रजापति पुत्र कान्हाराम 3 सालों से वांछित था। कानपुर पुलिस द्वारा आरोपी पर 20 हजार का इनाम भी रखा गया था। आरोपी के अपने घर आने की सूचना पर उत्तरप्रदेश पुलिस के एसआई जितेंद्रकुमार एवं टीम के साथ युवक के घर पर दबिश दी गई एवं युवक को गिरफ्तार किया गया। युवक को उत्तरप्रदेश पुलिस अपने साथ ले गई।




