






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 अगस्त 2025। शराब के नशे में वाहन चलाने, सीट बेल्ट/ बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवरस्पीड में दौड़ते वाहन, बिना नबंर के वाहन, फिटनेस रहित या बीमा विहीन वाहन, चलाने वालों के खिलाफ अब क्षेत्र में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने मंगलवार को उपखंड स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। शर्मा ने कहा कि सड़क पर सुरक्षा की चुनौती से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर जरूरी कदम उठाने होंगे। उन्होंने राष्ट्रीय मार्ग पर अवैध कट, टूटी तारबंदी दुरस्त करवाने, घुमचक्कर के आस पास की टूटी सड़क से पड़े गड्ढों का समतलीकरण करवाने, डिवाईडर को मैटल या किसी मजबूत सामग्री से बनवाने एंव बंद रोड लाईट्स को दुरूस्त करवाने, पेट्रोल पंप होटलों के पास राजमार्ग पर अवैध कट तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। बैठक में शहरी क्षेत्र में मुख्य बाजार क्षेत्र, उपजिला अस्पताल एवं हाइवे के दोनों तरफ सर्विस रोड पर अवैध ठेले, यहां पार्क वाहन व अन्य अतिक्रमण त्वरित प्रभाव से हटाने की सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए है। ग्रामीण व शहरी सड़कों के दोनों और कंटीली झाड़ियों को हटवाने व टूटी सड़कों को ठीक करवाने के निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग को दिए गए। शर्मा ने दुर्घटना स्थलों पर लगने वाले जाम की स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने विभिन्न विभागों को आपसी समन्व्य के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि अधिकारी शामिल हुए।




