May 20, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 मई 2026। पीएमश्री राउमावि, ताल मैदान श्रीडूंगरगढ़ के विद्यार्थियों ने सेसोमूं स्कूल में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब (ATL) का शैक्षणिक भ्रमण कर अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीकों, रोबोटिक्स, 3D प्रिंटिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं नवाचार से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान सेसोमू स्कूल के विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को अटल टिंकरिंग लैब में उपलब्ध उपकरणों एवं उनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न मॉडल्स का निरीक्षण किया तथा तकनीकी गतिविधियों में भी भाग लिया। उपप्राचार्य मदन कड़वासरा ने बताया कि यह भ्रमण वोकेशनल गतिविधि के तहत आयोजित किया गया, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। इस अवसर पर सेसोमूं स्कूल के प्राचार्य सुब्रतो कुंडू का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं रचनात्मकता का विकास होता है। विद्यार्थियों ने इस अनुभव को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। विद्यार्थियों के साथ व्याख्याता कमल किशोर पीपलवा, व्याख्याता राघवेंद्र, व्याख्याता पुष्पा देवी उपस्थित रहें। अंत में विद्यालय स्टाफ ने सेसोमूं स्कूल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।