






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 मई 2025। क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी खबर मूंगफली का समर्थन मूल्य बढ़ने की आई है। केंद्र सरकार ने मूंगफली, तिल, रामतिल, बाजरा सहित खरीफ की 14 फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीद की रेट (MSP) बढ़ा दी है। केंद्रीय कैबिनेट ने आज यानी 28 मई को यह फैसला लिया। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मूंगफली की नई MSP 7,263 रुपए तय की गई है, जो पिछली MSP से 480 रुपए अधिक है। वहीं तिल का एमएसपी 9,267 से 579 रूपए अधिक बढ़ाकर 9,846 कर दिया है। रामतिल की एमएसपी रेट 8,717 से 820 रूपए बढ़ाकर 9,537 कर दी गई है।
खरीफ की फसलों में कौन-कौन सी फसलें आती हैं? धान (चावल), मक्का, ज्वार, बाजरा, मूंग, मूंगफली, गन्ना, सोयाबीन, उडद, तुअर, कुल्थी, जूट, सन, कपास आदि। खरीफ की फसलें जून जुलाई में बोई जाती हैं। सितंबर-अक्टूबर में इनकी कटाई होती है।




