May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 मार्च 2022। अपराधों का राजनीतिकरण हो जाए तो देखते ही देखते एक सामान्य से विवाद पूरे गांव में तनाव का कारण बन जाता है। यही देखने को मिल रहा है तहसील के गांव केऊ पुरानी में। जहां वर्तमान विधायक के नजदीकी माने जाने वाले पूर्व सरपंच रतनसिंह और दूसरे पक्ष का विवाद हर दिन गहराता जा रहा है। चुनावी रंजिश से शुरू इस विवाद में गांव में कई मुकदमे हो चुके है और तनाव के हालात है। पूर्व में कई मुकदमे तो अभी जारी ही है कि गत 7 मार्च को पूर्व सरपंच के पिता सहित तीन जनो ने गांव के ही एक राजपूत युवक को नग्न कर लाठियों से पीटा। इस मामले में घायल युवक द्वारा पुराने मुकदमे में खिलाफ गवाही देने के कारण पिटाई करने का आरोप लगाते हुए और पीटने वाले आरोपी की पत्नी ने युवक व एक अन्य पर बदनीयती से घर में घुसने का आरोप लगाते हुए परस्पर मुकदमे भी दर्ज करवाएं है। दोनो मामलों की जांच श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई रविन्द्र सिंह के पास है और रविन्द्र सिंह ने शनिवार को दोनो पक्षो को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। जहां पर दोनो पक्ष भिड़ गए और थाना परिसर में ही मरने मारने पर उतारू हो गए। इस पर पूर्व सरपंच रतनसिंह और उनके पक्ष सहित दूसरे पक्ष के 9 जनों को शांतिभंग के आरोप में धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पहले पक्ष के भंवरलाल पुत्र दानाराम सुनार, शंकर सिंह पुत्र भगवन्तसिंह, लिछमण सिंह पुत्र देवीसिंह, भगवत सिंह पुत्र गिरधारी सिंह वहीं दूसरे पक्ष के बीरबल सिंह पुत्र केसर सिंह, प्रभुसिंह पुत्र नारायण सिंह, पूनम सिंह पुत्र हरिसिंह, प्रताप सिंह पुत्र मोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।