






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 सितंबर 2025। आचार्य भिक्षु के 223वें चरमोत्सव पर शुक्रवार शाम सेवा केंद्र में तेरापंथ युवक परिषद व तेरापंथ किशोर मंडल के बैनर तले मालू परिवार द्वारा भिक्षु भजन संध्या का आयोजन संपन्न हुआ। साध्वी संगीतश्रीजी एवं साध्वी डॉ. परमप्रभाजी के सान्निध्य में आचार्य भिक्षु को भावांजलि देने अनेक श्रावक व श्राविकाएं एकत्र हुए। कार्यक्रम में दिल्ली से आए भजन कलाकार पुलकित बरड़िया ने आचार्य भिक्षु के आदर्शों को शब्दों में पिरोकर स्वर दिए तो उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। भजन संध्या में साध्वी संगीतश्रीजी, साध्वी कर्तव्ययशाजी, साध्वी श्रेयसप्रभाजी, स्वरलहरी टीम श्रीडूंगरगढ़ के सुमित बरडिया, पारुल लूनिया, बोथरा बंधु, अंजू पारख, संजय झाबक, मोहनलाल सेठिया तथा तेयुप टीम सहित अनेक कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां दी। तेयुप सदस्य सुमित श्यामसुखा ने आचार्य भिक्षु की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की, जिसमें चित्रकारी की श्रावक समाज ने सराहना की। तेयुप टीम ने मोहनलाल मालू की स्मृति में उनकी पत्नी धन्नी देवी मालू, पुत्र महेंद्र व जितेंद्र मालू तथा पौत्र रौनक, संयम, अर्हम मालू परिवार का आयोजन के लिए आभार जताया। परिषद के अध्यक्ष विक्रम मालू व उपाध्यक्ष रजत सिंघी ने कार्यक्रम का संचालन किया। मालू ने आचार्य भिक्षु के स्वभाव, व्यवहार व आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए भिखु चेतना वर्ष का संदेश भी श्रावक समाज को दिया। मंत्री पीयूष बोथरा ने सभी का आभार जताया।





