






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 जुलाई 2022। आज क्षेत्र में 10 परिवार खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हो गए हैं। कोर्ट ऑफ कन्डेक्ट की कार्रवाई में आज विरोध आंसूओं के बीच प्रशासन ने अतिक्रमण के पक्के मकान हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रशासन की टीम सुबह गांव तोलियासर में पहुंची और 10 पक्के रहवासी अतिक्रमण के मकान तोड़े। महिलाएं, युवतियां बुरी तरह से रोते हुए विरोध जताती रहीं और बुलडोजर ने पुलिस जाप्ते की तैनाती के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। विरोध व विवाद की एक नई परिपाटी का प्रारंभ आज गांव तोलियासर में देखने को मिला है। यहां खसरा नम्बर 860/241 में रामकरण हीराराम प्रजापत, ताराचंद चंपालाल प्रजापत, राधेश्याम चंपालाल प्रजापत, चानणराम शेराराम जाट, मनीराम दूलाराम मेघवाल, केशराराम तोलाराम नायक तथा खसरा नम्बर 332 में मूलाराम उदाराम नायक, भंवरलाल उदाराम नायक, हीरालाल मालाराम सुथार के मकान तोड़ दिए गए है। बता देवें मकान तोड़ने की कार्रवाई के दौरान 4 स्टे आ गए और उन मकानों पर कार्रवाई रूक गई। महिलाओं ने सुबह का भोजन भी नहीं बनाया और रिश्तेदार उन्हें दिलासा दे रहें थे। बता देवें महिलाओं ने सोमवार को भी ग्राम पंचायत के सामने प्रदर्शन किया था व इसे गांव की राजनीति का विद्रुप रूप बताया था। यहां कुल 42 मकान अतिक्रमण में है। इनमें से जो स्टे ले आए वे बच गए और जो परिवार हाईकोर्ट या सेशन कोर्ट नहीं पहुंच सके उनके मकान टूट गए। महिलाओं व परिवारों ने जमकर विरोध जताया और प्रशासन व पुलिस ने समझाईश करते हुए उन्हें मकानों से हटा कर कार्रवाई की।






