






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए शर्मनाक खबर श्रीडूंगरगढ़ थाने से निकल कर सामने आ रही है। यहां पर कस्बे निवासी राजू हीरावत एवं राजेश शर्मा नाम के दो युवकों के खिलाफ पत्रकार बन कर ब्लैकमेलिंग का काला धंधा किया और एक युवक को अपनी बूढ़ी मां के गहने गिरवी रख कर पैसे लाने के लिए मजबूर कर दिया। यह आरोप लगाते हुए कस्बे के कालूबास निवासी संतोष बिनायकिया ने दोनो के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। संतोष ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ौसी रामवतार सोनी के साथ चल रहे एक विवाद में मुकदमा दर्ज है। गत 11 जुलाई को कस्बे के आडसर बास निवासी राजू हीरावत पुत्र तिलोकचंद हीरावत ने उसे फोन कर मदद करने का आश्वासन दिया एवं मामला निपटा देने के लिए थाने के सामने बुलाया। वहां पर राजू एवं उसके साथी कालूबास निवासी राजेश शर्मा पुत्र बिरजाराम शर्मा ने उससे 30 हजार रुपए मांगते हुए कहा कि पुलिस से सेटिंग हो चुकी है तुम तो पैसे ले आओ। आरोपियों ने पैसे ले आने पर मामला रफा दफा करवा देने एवं नहीं लाने पर निर्दोष को मुजरिम बनवा देने की धमकी दी। इसी प्रकार आरोपियों ने गत 12 जुलाई की रात को 11 बजे उससे 1 लाख रुपए और मंगवा लिए। इस पर पीड़ित ने रातोंरात अपनी मां के गहने गिरवी रख कर पैसों का इंतजाम किया। पीड़ित ने आरोपियों पर डरा धमका कर पैसे ऐंठने एवं ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ब्लैकमेलिंग करने एवं आपराधिक षडयंत्र करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है एवं मामले की जांच एएसआई रविन्द्रसिंह को सौंपी गई है। बताया जा रहा है इस मामले में राजू द्वारा पीड़ित से पैसे का लेन देने करने का आडियो भी वायरल हुआ है।
आपराधिक रिकार्ड, आदतन अपराधी, शहर को झेलना पड़ रहा है कथित पत्रकारिता का दंश, अनेकों आरोप, वीडियो भी वायरल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पत्रकार बन कर लोगों को धमकाने, ब्लैकमेलिंग का गंदा धंधा करने वाले इन दोनों युवकों का आपराधिक रिकार्ड भी है। एक बड़े दैनिक अखबार के संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे राजू हिरावत के खिलाफ तो पूर्व में भी मकान खाली करवाने के लिए एक विमंदित युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला भी दर्ज हो चुका है हालांकि विमंदित युवक की ओर से पैरवी नहीं होने पर उस मामले में धारा 307के बजाय 325 में चालान भी हो चुका है। साथ ही राजू के खिलाफ पूर्व में कई अन्य आरोप लग चुके है एवं इसके खिलाफ कई प्रकरणों में ब्लैकमेलिंग की परिवादें भी थाने में कई बार लगी हुई है। इसी प्रकार दूसरा आरोपी राजेश शर्मा गत दिनों एक मामले में स्थाई वारंटी के रूप में फरार था एवं पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। राजेश इससे पूर्व दंगों में आरोपी भी रह चुका है और एक मामले में शांति भंग के आरोपों में गिरफ्तार भी चुका है। आरोपी राजेश बिना किसी पंजीयन के, बिना किसी पंजीकृत संस्थान के ही अपने स्तर पर किसी दूसरे व्यक्ति की वेबसाईट का खुद को पत्रकार बताता है तथा आए दिन ब्लैकमेलिंग के आरोप लगते है। गत दिनों राजेश शर्मा को एक दलित महिला द्वारा रुपए एंठने का आरोप लगाते हुए जम कर कोसने का एक वीडियो भी खासा वायरल हुआ था। वहीं इन दोनों के खिलाफ कई बार तो मामले सोशल मीडिया पर चर्चित भी हुए है।



