






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 दिसम्बर 2023। रविवार रात को हुए हादसे में चार जनो की मौत के बाद शहर गमगीन है। इन चार में से तीन तो एक ही मोहल्ले के निवासी है और शवों के पोस्टमार्टम के बाद एक ही मोहल्ले से तीन अंतिम यात्राएं निकलेगी। घटना के बाद देर रात नेताओं व प्रशासन भी हॉस्पिटल पहुंचे व परिजनों से मिल कर सांत्वना दी। पढें खबर विस्तार से।
हलवाई का काम करने सीकर गए वापसी में हुआ हादसा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मृतक 35 वर्षीय रामचंद्र पुत्र लिच्छुराम मोट, 45 वर्षीय रमेश पुत्र केशराराम माली व 60 वर्षीय भंवरलाल पुत्र सुरजाराम पुरोहित कालूबास के निवासी थे और तीनों के साथ 22 वर्षीय पवन तिवाड़ी, चारो जने हलवाई का काम करने सीकर गए थे। वहां से वापसी में यह हादसा हो गया। हादसे में रामचंद्र, रमेश व भंवरलाल की मौके पर ही मौत हो गई व गम्भीर रूप से घायल पवन तिवाड़ी को श्रीडूंगरगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया।
मौत बुला रही थी, बिग्गा से सवार हुआ हरिराम जाट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पिकअप में कस्बे के निवासी चारो जने सीकर से श्रीडूंगरगढ़ लौट रहे थे और रास्ते मे गांव बिग्गा से उनके साथ एक व्यक्ति और सवार हुआ। गांव जैसलसर निवासी हरिराम पुत्र गणेशाराम जाट इस गाड़ी में श्रीडूंगरगढ़ आने के लिए बिग्गा से ही चढ़ा था। और बिग्गा से रवाना होते ही सातलेरा-बिग्गा के बीच यह हादसा हो गया। इस हादसे में हरिराम भी गम्भीर रूप से घायल हुए व श्रीडूंगरगढ़ लेकर आते हुए रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
कलेक्टर से लेकर एसडीएम तक पहुंचे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बड़ा हादसा हो जाने के कारण प्रशासन भी हरकत में आया। बीकानेर रैफर किये गए पवन तिवाड़ी की संभाल करने जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल व जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम पीबीएम पहुंचे। जहां उन्होंने उचित उपचार के निर्देश चिकित्सको को दिए एवं किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने को कहा। वही हादसे के बाद श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय में मृतकों के परिजनों से मिलने एडिशनल एसपी ग्रामीण प्यारेलाल शिवराण, एसडीएम दिनेश कुमार, सीओ गोमाराम चौधरी, तहसीलदार राजवीर कड़वासरा भी पहुंचे।
नेताओं ने बंधाया ढांढस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। घटना की जानकारी फैलने के साथ ही बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, नेता भी हॉस्पिटल पहुंचे। यहां विधायक ताराचंद सारस्वत ने परिजनों को ढांढस बंधाया। समाजसेवी बृजलाल तावनियाँ, पार्षद विनोद गिरी गुसाईं, रजत आसोपा, विक्रमसिंह शेखावत, लोकेश गौड़, भरत सुथार, भाजपा नेता भवानी तावनियाँ, महेश राजोतिया, पृथ्वीसिंह राजपुरोहित, हेमनाथ जाखड़, आईदान पारीक, श्रवण प्रजापत, बिग्गा सरपंच जसवीर सारण, सामाजिक कार्यकर्ता संदीप चौधरी आदि भी हॉस्पिटल पहुंचे और परिजनों से मिले। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, आदि नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताई है।
मौहल्ले में पसरा सन्नाटा, हर घर में माहौल गमगीन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भीषण हादसे में काल के क्रूर प्रहार से चार जनो की मौत ने कस्बे सहित पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन हो गया है। कालूबास मौहल्ले में सन्नाटा पसर गया और मृतकों के आस पास के घरों में माहौल गमगीन हो गया है।







