






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अगस्त 2024। पशु चिकित्सालयों को उन्नत बनाने के प्रयास सरकार द्वारा किए जा रहें है। परंतु अभी तक यहां मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति भी नहीं है ऐसे में कार्मिकों की लगन व काम के करने की ललक बढ़ जाती है जब भामाशाहों के सहयोग से पशु चिकित्सालयों में उपकरण मिलते है और मूलभूत सुविधाएं पशुओं के लिए उपलब्ध हो सकती है। ये बात पशुपालन विभाग, बीकानेर के संयुक्त निदेशक डॉ शिवप्रसाद जोशी ने कही और मौका था गांव दुलचासर के राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में दानदाता सम्मान समारोह के आयोजन का। डॉ जोशी ने कहा कि दानदाता के सहयोग से ना केवल बेजुबानों की सेवा कार्य आगे बढ़ता है वरन कार्मिकों के लिए कार्य की सुगमता भी उपलब्ध होती है। समारोह में मुख्य अतिथि डॉ जोशी ने पशु चिकित्सालय में विभिन्न उपकरण भेंट करने वाले भामाशाहों को सम्मानित किया गया। समारोह में श्रीडूंगरगढ़ तहसील के नोडल अधिकारी डॉ. उत्तम भाटी ने उपस्थित जनों को पशुपालन विभाग की विभिन्न सुविधाओं व राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बीकानेर गो सेवा संघ के उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी ने भामाशाह व पशुपालन विभाग का आभार जताते हुए ऐसे कार्य निरंतर करने की बात कही। दुलचासर पशु चिकित्सालय प्रभारी डॉ. सुभाष घारू व जनप्रतिनिधि मोडाराम महिया ने अतिथियों के साथ सभी का आभार जताया। इससे पूर्व संयुक्त निदेशक डा. शिवप्रसाद जोशी व अन्य अतिथियों ने पशु चिकित्सालय में माहेश्वरी समाज दुलचासर द्वारा दिए गए कम्प्यूटर व प्रिंटर का बटन दबाकर कर शुभारंभ किया गया। समारोह में मां करणी गोशाला सेवा समिति देराजसर के अध्यक्ष भंवरलाल भादू द्वारा दिए गए कूलर, सूडसर वीर तेजा गो सेवा संस्था के अध्यक्ष कोडाराम भादू द्वारा दिए गए ट्री गार्ड व श्रीभोमियाजी सेवा समिति कोटासर द्वारा दिए गए बुलेटिन बोर्ड का लोकार्पण किया गया। समारोह में मंच संचालन रामकिशन महिया ने किया। समारोह में टेऊ, सूडसर, दुलचासर, गोपालसर, देराजसर, कोटासर आदि गांवों के मौजिज ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




