






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 मई 2022। देश की प्रगति में युवा नेतृत्व की भागीदारी पर चर्चा आजकल राजनीतिक दलों के केन्द्र में चल रही है। वहीं हमारे क्षेत्र के गांव रिड़ी में युवा नेतृत्व सरपंच पति हेतराम जाखड़ सहित गांव के युवाओं की आज गांव में भूरी भूरी प्रशंसा हो रही है। यहां युवाओं ने 2014 में खेल मैदान का स्वप्न देखा और इसे पूरा करने के लिए सभी सरकारी कार्यालयों के चक्कर पर चक्कर काटे। सरकारी कार्यों का नतीजा देखकर गांव के युवाओं ने आखिर अपने कंधो पर जिम्मेदारी उठाते हुए खेल मैदान का कार्य शुरू कर दिया है। आज गांव के युवाओं की अगुवाई करते हुए सरंपच पति हेतराम जाखड़ खेल मैदान पहुंचे और खेल मैदान के निर्माण का कार्य प्रारंभ करवाया। जाखड़ ने टाइम्स को बताया कि ग्राम पंचायत की भूमि को राज्य सरकार से खेल मैदान के लिए स्वीकृति दी गई तथा फिलहाल ग्राम पंचायत मद से खेल मैदान का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जाखड़ ने कहा कि एमएलए, एमपी व प्रधान कोटे से सहयोग के साथ जनसहयोग के लिए प्रयास किए जाएंगे जिससे गांव के युवाओं के लिए शानदार खेल मैदान का निर्माण किया जा सके।
सैंकड़ो युवा बेल्ट सर्विस में, सैंकड़ो जुटे है तैयारी में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव रिड़ी में बड़ी संख्या में युवा बेल्ट सर्विस में देश सेवा में तैनात है और वर्तमान में बड़ी संख्या में युवा बेल्ट सर्विस की तैयारी में जुटें है। रिड़ी के युवाओं ने 2014 में गांव में ही तैयारी कर सकने के प्रयास प्रारंभ कर दिए थे जो अब साकार हो सकेंगे। युवाओं में जोश व उत्साह का जबरदस्त संचार हो गया और अब आने वाले दिनों में गांव के खेल मैदान में युवा शारीरिक तैयारी कर देश सेवा में शामिल हो सकेंगे व खेल में नाम रोशन कर सकेंगे।
जाखड़ ने निभाया वादा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव के कई जागरूक युवाओं ने बताया कि सरपंच का चुनाव लड़ने के दौरान सरपंच पति हेतराम जाखड़ ने युवाओं से गांव में खेल मैदान बनवाने की बात कही थी। आज जब ग्राम पंचायत स्तर पर कार्य शुरू हो गया तो ग्रामीण युवाओं ने सरपंच पति का आभार जताते हुए उन्हें कथनी को करनी में बदलने पर शुभकामनाएं दी।






