






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 मई 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अब कोई बेसहारा, विकलांग, वृद्ध, मंदबुद्धि महिला या पुरूष लावारिस नहीं रहेंगे। ऐसे लोगों के लिए आज सुबह कस्बे में अपना घर अनाथ आश्रम का उद्घाटन हुआ है। साईं बाबा मंदिर के पास प्रजापत समाज सेवा समिति के सामने सरदारशहर रोड पर पीर सेवा ट्रस्ट गोगामेड़ी बागड़ धाम ट्रस्ट के चीफ फाउंडर सतपाल बरोड़ ने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा की भावना के साथ अपना घर अनाथ आश्रम का संचालन किया जाएगा। बरोड़ ने कहा कि आश्रम में जो भी कोई दुखी, परेशान आएगा उसके रहने, खाने पीने व दवाईयां आदि की व्यवस्था पूर्ण रूप से निशुल्क रहेगी। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ मोहर सिंह ने संगठन के कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान उपाध्यक्ष जीतराम सुड्डा, महासचिव श्रवण कुमार, सचिव कालूराम बरोटिया, सेवाधाम से पंडित शशिकांत शर्मा, रूपचंद सोनी, आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति अध्यक्ष मनोज कुमार डागा, ग्राम विकास अधिकारी भागीरथ, अशोक कुमार सेवाग, हरिप्रसाद शर्मा, अध्यापक ओम्प्रकाश, सुल्तान स्वामी, ममराज सिद्ध, सूरत नाथ, संतलाल साहू खुईया, सुल्तान मायल, धरमपाल सिहमार ने सयुंक्त रूप से गणेश पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया। कार्यक्रम में शामिल नागरिकों ने गोगा पीर सेवा ट्रस्ट के इस कार्य में पूर्ण सहयोग करने की बात कही।

तेयुप मोमासर की बागडोर नीतेश बाफना को सौंपी, पढें पूरी खर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेरापंथ युवक परिषद मोमासर द्वारा आज वर्ष 2021-22 वार्षिक साधारण सभा की बैठक का आयोजन किया गया जिसमें वर्ष 2022-23 के लिए परिषद की बागडोर सर्वसम्मति से नीतेश बाफना को सौंपी गई। निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए नितेश द्वारा कार्यकारिणी की घोषणा की गई और उपाध्यक्ष पद पर ऋषभ संचेती और मनीष पटावरी तथा मंत्री पद पर निर्मल पटावरी, सहमंत्री पद पर दीपक बोथरा और सुमति संचेती, कोषाध्यक्ष पद पर ओम बाफना, संगठन मंत्री पद पर पवन संचेती नियुक्त किए गए। बाफना ने सभी को परिषद में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही। सभी सदस्यों ने नवर्निवाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दी। बैठक में पूर्व मंत्री रमेश संचेती ने विगत वर्ष के कार्यो का लेखा जोखा भी प्रस्तुत किया।

राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन की बैठक संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन की बैठक जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह पुदंलसर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि गत दिनों 17 मई को सीएमएचओ को ग्राम पंचायत पुनदंलसर के उपस्वास्थ्य केन्द्र के भवन को जर्जर घोषित कर ध्वस्त करने व नवनिर्माण करवाने के आदेश जारी करने की मांग की गई जिस पर सीएमएचओ द्वारा ये आदेश जारी कर दिया गया। इस पर सभी सदस्यों को बधाई देते हुए सरकारी कार्यशैली के सुधार पर चर्चा की गई। तहसील अध्यक्ष बलवंत नाई व सलाहकार सदस्य रूपसिंह शेखावत ने सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों के समय पर आने पर ध्यान देने की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ संतोष कुमार बिनायकिया ने सभी का आभार व्यक्त किया और सभी सदस्यों को संगठन के प्रति निष्ठा पूर्वक कार्य करने की बात कही।

जरूरी कागजात का थैला खोया, तावणियां ने लौटाने की अपील की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुलिस थाने के पास ही चाय पीने के दौरान थैला खो गया और रिड़ी गांव के मदनलाल तावणियां ने उसे लौटाने की अपील नागरिकों से की है। तावणियां ने बतााया उनके हाथ में गांव के सार्वजनिक भवन के जरूरी कागजात का थैला था जिसे वे चाय की थड़ी के पास भूल गए। उन्होने बताया कि थैले में रूपए आदि कुछ नहीं था केवल जरूरी कागजात है। उन्होंने कहा किसी भी नागरिक को गणेश भवन तावणियां सेवा समिति रिड़ी के नाम के कागजात कहीं मिले तो वे 9413074538 पर संपर्क कर थैला लौटा सकते है।



