






श्रीडूंगरगढ टाइम्स 2 मई 2026। शनिवार शाम 4 बजे के बाद अंचल में अचानक मौसम बदल गया। मौसम के रंग ने हर किसी का मन मोह लिया है। आसमान में काले बादल छाए है और ठंडी हवा ने गर्मी से राहत दी है। श्रीडूंगरगढ़ शहर, सोनियासर गोदारन, राजेडू, कुनपालसर, दुसारणा, बाना, श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी व रेलवे स्टेशन, ऊपनी की ओर तेज हवा के साथ बरसात हुई और चने के आकार के ओले भी गिरे है। वहीं गांव पुंदलसर व ऊपनी की रोही, बिग्गा, सुरजनसर, उदरासर व आस पास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बरसात हुई है। श्रीडूंगरगढ़ शहर में सुबह से तेज गर्मी ने लोगों को झुलसा दिया, वहीं शाम होते होते बदले मौसम से तापमान लुढ़का और लोगों ने खासी राहत महसूस की। बता देवें मौसम विभाग ने बीकानेर, चूरू सहित अनेक जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया। विभाग ने बरसात के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की एडवाइजरी भी जारी की है।
वहीं तेज हवा व बरसात के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित हुई। सुरजनसर से उदरासर मार्ग पर एक बड़ा पेड़ हवा से गिर गया जिससे यातायात बाधित हुआ है। ओले गिरने के दौरान बाइक सवार जहां थे वहीं ओट देखकर रूक गए व सड़कों पर आवागमन हवाओं ने एकबार थाम दिया। अंचल के प्राय: सभी गांवो में बरसात हुई है जिससे मौसम सुहावना हो गया है।


















