May 20, 2026
evee

जिला कलेक्टर ने आमजन से की अपील।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर के जिला कलेक्टर निशांत जैन ने जिले के सभी नागरिकों से जनगणना में सहयोग करने की अपील की है। जैन ने कहा कि आगामी 16 मई से 14 जून तक जनगणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणक आपके घर तक आएंगे और मकान का सूचीकरण तथा गणना कार्य करेंगे। इन प्रगणकों द्वारा 34 बिंदुओं आधारित सूचना प्राप्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा दी जाने वाली समस्त जानकारियां गोपनीय रहेंगी। राष्ट्रीय महत्व का यह कार्य सुचारू तरीके से हों, इसमें सभी नागरिक सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक भूमिका निभाए।

पालिका क्षेत्र की जनगणना के लिए प्रगणक प्रशिक्षण शुरू। 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 16 मई से 14 जून तक आयोजित होने वाले जनगणना कार्य के लिए श्रीडूंगरगढ़ शहरी क्षेत्र में 89 प्रगणक नियुक्त किए गए है। इनमें से 38 का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को नगरपालिका सभागार में प्रारंभ हुआ। अधिशासी अधिकारी श्रीवर्धन शर्मा ने इसे राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए मोबाइल एप के माध्यम से जनगणना की पूरी जानकारी दी। प्रभारी अधिकारी शहजाद अली ने प्रगणकों को आने वाली समस्याओं के निस्तारण के लिए एक आईटी सेल का गठन किया। एफटी महावीर प्रसाद सारस्वत, रामप्रताप जाखड़ ने अभियान के बारे में विभिन्न जानकारी देते हुए निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान कृष्णा चांवरिया, हरीश गुर्जर, जितेंद्र भोजक, सूरजमल गौड़ ने सक्रिय सहयोग दिया।

सरकारी स्कूल में जलहोज बनाने की घोषणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ताल मैदान के पीएमश्री राउमावि में पयेजल व्यवस्था के लिए एक जलहोज बनाने की घोषणा शनिवार को तुलसी देवी सहू ने की है। उपप्राचार्य मदन कड़वासरा ने बताया कि विद्यालय में कार्यालय सहायक के पद पर सेवारत तुलसी देवी ने अपने दिवंगत पति किसनाराम सहू की स्मृति में पानी की टंकी का निर्माण करवाने की घोषणा की है। इस अवसर पर उनके प्रतिनिधि के रूप में दामाद मनीराम जाखड़ उपस्थित रहें। विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने इस निर्णय को विद्यार्थी हित में बताते हुए परिवार का आभार जताया।

लंबे इंतजार के बाद स्कूल को मिली भौतिक विज्ञान की व्याख्याता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पीएमश्री राउमावि में तीन सालों से भौतिक विज्ञान के व्याख्याता का पद रिक्त पड़ा था। लंबे समय से विद्यालय में विद्यार्थी इससे परेशान रहें। अब विद्यार्थियों को राहत देते हुए शिक्षा विभाग ने भौतिक विज्ञान के व्याख्याता पद पर इप्शिता को नियुक्ति दी है। शुक्रवार को व्याख्याता ने पदभार ग्रहण किया। संस्था प्रधान ममता गोयल, उपप्राचार्य मदन कड़वासरा सहित स्टाफ ने उनका साफा पहनाकर अभिनंदन किया। स्टाफ ने विज्ञान के विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन मिलने की बात कही।

खोया : पाया- चने की दाल का कट्टा मिला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर बास में भैरव मंदिर रोड पर स्थित एक दुकान के पास एक 30 किलो का चने की दाल का कट्टा मिला है। दुकान मालिक ने बताया कि संभवत किसी टैक्सी से ये कट्टा गिरा है। इसे सुरक्षित रख दिया गया है। ये चने का कट्टा जिस किसी का हो वह मांगीलाल राठी से 94130 74031 संपर्क कर प्राप्त कर सकता है।