






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 मार्च 2024। क्षेत्र के मंदिरो व घरों में होली के फागोत्सव के उल्लास पूर्ण आयोजनों की धूम मची है। गांव मोमासर का होली उत्सव पूरे शेखावाटी में विशेष पहचान कायम किए हुए है। यहां प्रसिद्ध घींदड़ नृत्य के साथ होली उत्सव के लिए आयोजक कमेटी ने आयोजन स्थल की सजावट प्रारंभ कर दी है। विशाल नगाड़ो पर डंके की चोट से यहां घींदड़ का प्रसिद्ध खेल 22 मार्च को प्रारंभ होगा जिसके लिए भव्य तैयारियां की जा रही है। 23 को चंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा जिसमें बड़ी संख्या में शेखावाटी के गांवो से चंग के दल भाग लेने आएंगे। बता देवें मोमासर के प्रसिद्ध घींदड़ उत्सव के मुख्य आकर्षक कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पाठकों के लिए टाइम्स के फेसबुक पेज पर किया जाएगा। क्षेत्र के गांव उदरासर में भी होली की उमंग नजर आने लगी है। गांव के दुलदास स्वामी ने बताया कि यहां चंग की थाप पर धमाल प्रारंभ हो गया है। मुख्य आयोजन के समय दूर दूर से ग्रामीण चंग के साथ नृत्य देखने आते है। परंपरागत वेश में रसिये अपनी कला का प्रदर्शन करते है। श्रीडूंगरगढ़ में आदर्श कॉलोनी में मनोज कुमार टाक के घर रविवार को हुआ उल्लास पूर्ण फागोत्सव का आयोजन। बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई और खूब भजन गाए। बाल कन्हैया के साथ फूल व रंग से होली खेली। सिंधी कॉलोनी में प्रेम प्रकाश मंडल द्वारा झूलेलालजी मंदिर का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। संत शंभुलालजी के सानिध्य में शाम 6:30 बजे साध संगत की गई व उल्लास के साथ श्रद्धालुओं ने फुलों से होली खेली। मंदिर प्रांगण में मंगलवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक हवन, ध्वजा वंदन, सत्संग के बाद महाआरती का आयोजन होगा।








