






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अक्टूबर 2022। हर समय साथ रहने वाले जिगरी भी नशे की हालत में कैसे एक दूसरे की जान के दुश्मन बन जाते हैं इसी का उदाहरण बन गया है तहसील के गांव सुरजनसर में हुआ हत्याकांड। हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी से हुई पूछताछ में यही सामने आया है कि शराब का नशा जीवन बर्बाद कर देता है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी अशोक विश्नोई ने बताया कि मृतक 40 वर्षीय नानूराम डूडी ओर आरोपी 25 वर्षीय लालाराम एक ही परिवार के थे और पीढ़ियों में आपस में भाई लगते थे। दोनो के बीच गहरा रिश्ता था और दिन भर में दोनो साथ ही रहते थे। हत्या के दिन मंगलवार को भी दोनो जने सुबह से ही साथ थे और दोनो ने दिन भर खेत में काम भी किया। रात को भी दोनो साथ रहे और 4 पव्वे शराब के लेकर आये। दोनो जनो ने शराब का सेवन किया और दोनों एक दूसरे से मसखरी कर रहे थे। इसी दौरान मृतक नानूराम ने लालाराम के कान पर काट खाया। शराब के नशे में लालाराम खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाया और मृतक नानूराम के चारपाई पर सोने के बाद उसके सर में धारधार हथियारों से वार कर दिए। घटना के बाद उसे थोड़ा होश आया और उसने मृतक के सगे भाई को फोन कर किसी अज्ञात व्यक्ति के मार कर भाग जाने की मनघड़त कहानी सुनाई। सुबह करीब 4 बजे पुलिस को सूचना दिए जाने पर आरोपी मौके से शौच जाने के बहाने से भाग गया। आरोपी को पकड़ने के लिए भी पुलिस दल ने उदरासर और सुरजनसर की रोही में पैदल पैदल दबिशें दी और आखिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।



