May 21, 2026
010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 सितंबर 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सहकारी समितियों के चुनाव हो रहें है और सभी गांवो में चौपालों पर इन चुनावों की चर्चा जोर शोर से हो रही है। हमारे क्षेत्र में सभी 31 सहकारी समितियों के चुनाव पांच चरण में संपन्न होंगे। प्रथम चरण के चुनाव शुक्रवार को संपन्न हो गए है और इस चरण में दुसारणा, देराजसर, तोलियासर, बिग्गा में सहकारी समिति के अध्यक्ष उपाध्यक्ष चुन लिए गए है। इसी चरण में बाडेला सहकारी समिति के चुनाव होने थे परंतु पूर्व में हुए विवाद के बाद ये रद्द कर दिए गए थे।
दुसारणा में चुनाव निर्विरोध हुए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सहकारी समिति दुसारणा में चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए है। निर्विरोध की घोषणा पूर्व में ही हो गई थी परंतु आधिकारिक तौर पर यहां अध्यक्ष पद पर मदनलाल जाट और उपाध्यक्ष पद पर नंदलाल शर्मा के नाम की घोषणा कल कर दी गई। यहां समिति सदस्य रामेश्वरलाल, राजूराम, लालचंद, ओमप्रकाश, राजूराम जाट, विजयसिंह, सरोज कंवर, रामप्रताप गोदारा चुने गए है।
देराजसर में कांटे की टक्कर, बालक ने चुना अध्यक्ष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देराजसर में अध्यक्ष पद के लिए कांटे की टक्कर रही और मदनलाल भादू तथा लिखमाराम भादू को बराबर 6-6 मत मिले। इस पर एक बालक से पर्ची उठवाई गई और किस्मत ने लिखमाराम भादू का साथ दिया। यहां अध्यक्ष पद पर लिखमाराम भादू व उपाध्यक्ष पद पर जगदीश प्रसाद शर्मा चुने गए। विजेताओं ने समर्थकों के साथ खुशियां बनाई।
तोलियासर में हुआ विवाद, भागीरथ सुथार बने अध्यक्ष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तोलियासर सहकारी समिति के चुनाव में दो बार पुलिस पहुंची और सरपंच प्रतिनिधि गिरधारीसिंह ने आपत्ति पत्र दर्ज करवाकर चुनाव रद्द करने की मांग भी की। यहां तोलियासर में अध्यक्ष पद के लिए भागीरथ सुथार और नवरत्न सिंह को 6-6 मत प्राप्त हुए। यहां लॉटरी निकाली गई और सरपंच ने बताया कि एक पुलिसकर्मी ने भागीरथ सुथार के नाम की पर्ची निकाली तथा निर्वाचन अधिकारी ने सुथार के अध्यक्ष पद पर विजय होने की घोषणा की। उपाध्यक्ष पद पर जैतासर के सोहनलाल जाखड़ निर्विरोध चुने गए।
बिग्गा में क्रॉस वोटिंग ने बनाया ओझा का खेल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिग्गा में सरपंच जसवीर सारण का पुरा प्रभाव रहा है और उनके समर्थित कैलाश ओझा ने निकटवर्ती कन्हैयालाल तावणियां को दो वोट से हराया। यहां क्रॉस वोटिंग हुई और दो वोट कैलाश ओझा के खाते में आए। यहां बिग्गाबास रामसरा के उपाध्यक्ष मूलाराम जाखड़ उपाध्यक्ष पद पर काबिज हुए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देराजसर में बालक ने निकाली जीत की पर्ची, मनाई खुशियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बिग्गा में अध्यक्ष उपाध्यक्ष ने मनाया जीत का जश्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुसारना में निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव तोलियासर में चुनाव संपन्न हुए, विजेताओं ने मनाई खुशियां।