






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 सितंबर 2023। क्षेत्र में चोरों के हौसले दिन प्रतिदिन बुलंद हो रहें है और आमजन इससे बुरी तरह से हैरान है। चोरी की बड़ी वारदातों में भी सामान बरामद करवाने के नाम पर पुलिस के हाथ खाली ही है। क्षेत्र के गांव जोधासर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां गांव में एक साथ पड़ौस में स्थित दो घरों में चोर घुसे और लाखों के गहनों सहित नगदी का चुना दो परिवारों को लगा दिया। गांव में सरकारी स्कूल के पीछे रहने वाले 26 वर्षीय विष्णु पुत्र मदनदास स्वामी व इनके पड़ौस में रहने वाले विनोद पुत्र चेतराम जाट ने सेरूणा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवा सामान बरामद करवाने की मांग की है। परिवादी विष्णु ने पुलिस को बताया कि उसका परिवार घर के आंगन में ही सो रहा था और शनिवार सुबह उठे तो परिजन हक्के बक्के रह गए। रात को घर में घुसे चोरों ने 6 लाख रुपए नगदी, सोने की 2 रखड़ी, 1 रखड़ी सेट, 5 अंगूठियां, एक हार, दो चूड़ियां, पांच फुलड़े, चार कान के लूंग, एक ठुस्सी सहित दो जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ले गए। वहीं इस घर से एक घर छोड़ कर स्थित विनोद के घर भी चोर घुसे और विनोद ने पुलिस को बताया कि चोरों ने उसके घर से सोने की कंठी, 7 फुलड़े, एक रखड़ी, कान की बालियां, चांदी का रखड़ी सेट, दो जोड़ी पायल, चूड़ियां, 10 हजार नगदी चोरी कर लिए। सेरूणा पुलिस मौके पर पहुंची व डॉग स्कॉवयड टीम भी बुलाई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई चैनदान को सौंप दी है। बात देवें चोरी की वारदाते लगातार आमजन को पीड़ित कर रही है और क्षेत्र में हुई बड़ी चोरियों में भी पुलिस के हाथ खाली ही है।




