






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 मई 2022। आज आर्थिक युग होने के दौर में आर्थिक अपराध भी बढ़ते जा रहे है और ऐसे में सगे रिश्तों की गरिमा बदलते हुए घट गई है। क्षेत्र में बेटे द्वारा अपने बाप के साथ ही धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि गांव धीरदेसर चोटियान निवासी मोडूराम मेघवाल के साथ उसके ही पुत्र ने धोखाधड़ी कर उसे कर्जदार बना दिया है और पीड़ित पिता ने जरिए इस्तगासा थाने में मुकदमा दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। शिवराण ने बताया कि मोडूराम ने अपनी भूमि का बंटवारा अपने पुत्रों के बीच कर दिया था और उसके सबसे बड़े बेटे रावतराम मेघवाल को उसके हिस्से की भूमि पर कृषि कुंआ भी बनवा कर दे दिया। लेकिन आरोपी ने ट्यूबवेल के लिए लिया गया बैंक लोन नहीं भरा तो खेत की कुर्की निकल गई। गत 11 दिसम्बर 2021 को लोक अदालत में ऋण राशि 7,50,000 पर समझौता हुआ तब भी आरोपी ने अपने पिता को भरोसे में लेकर भुगतान कर देने व गेंहू-चने की फसल बेच कर रुपये लौटाने की बात कही। पिता ने बेटे की स्थिति को समझते हुए अपने परिचित से 7.5 लाख रुपए का कर्ज लिया एवं बैंक में भर दिया। लेकिन आरोपी ने अब गेंहू व चने की फसल बाजार में बेच देने के बाद भी पिता को पैसे नहीं लौटाए। इस पर पिता ने पिछले 2 अप्रैल 2022 को तकादा किया तो आरोपी ने पैसे देने से स्पष्ट मना कर दिया एवं उसके रुपए हड़प लेने की बात कही। इस पर पिता ने अपने बेटे के खिलाफ धारा 420 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।



