






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2022। एटीएम कार्ड बदल कर ठगी करने की घटनाएं अभी तक बड़े शहरों में ही सुनने को मिलती थी लेकिन अब इन ठगों का नेटवर्क श्रीडूंगरगढ़ तक पहुंच गया है। गत 5 जुलाई को श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में गांधी पार्क के पास स्थित बीओबी एटीएम में ऐसी ही ठगी को अंजाम दे दिया गया। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि कस्बे में बिग्गाबास निवासी सीताराम रेगर मजदूरी का काम करता है और गत 5 जुलाई को वह एटीएम से रुपये निकलवाने गया था। वहां पर मौजूद एक युवक ने रुपये निकलने में मदद के नाम पर उससे एटीएम के पिन पूछ लिए और पलक झपकते ही कार्ड बदल दिया। बाद में कार्ड खराब होने की बात कहते हुए उसे बिना रुपये लिए ही लौटा दिया। इस पर उसने खराब कार्ड की शिकायत के साथ बैंक में सम्पर्क किया तो उसे पता चला कि उसके खाते में पड़े 3400 रुपये उस अज्ञात ठग ने एटीएम कार्ड बदल कर खाते से निकाल लिए। इस पर सीताराम पुलिस के पास पहुंचा है और पुलिस ने एटीएम की सीसीटीवी फुटेज निकलवाई है। मामले के जांच अधिकारी कांस्टेबल दीपेंद्र कुमार ने बताया कि शातिर ठग ने जो कार्ड बदल कर सीताराम को दिया था वह नोखा की किसी महिला के नाम से जारी था व इस युवक द्वारा पहले उस महिला के साथ भी ठगी की जा चुकी थी। युवक के फोटो, वीडीओ वायरल कर पहचान करने की अपील पुलिस द्वारा की जा रही है। आप भी देखें आरोपी का फोटो और इस युवक के बारे में किसी भी प्रकार की कोई सूचना हो तो तुरंत श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को सूचना करें।





