May 21, 2026
sri-news-banner-Recovered

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 मार्च 2024। “सदुदेवी पारख राजकीय कन्या महाविद्यालय” का लोकार्पण गुरूवार सुबह 10 बजे महामहिम राज्यपाल कलराज मिश्र के हाथों संपन्न होगा। लोकार्पण कार्यक्रम सुंदर समारोह के साथ पूर्ण होगा और जतनलाल पारख सहित पारख परिवार भव्य आयोजन को सफल बनाने की तैयारियों में जुटा है। समारोह की अध्यक्षता विधायक ताराचंद सारस्वत करेंगे और अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बेरवा, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, हवामहल विधायक आचार्य बालमुकुंद, पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया भी शामिल होंगे। वहीं आयोजन में महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलपति मनोज दिक्षित, नोडल ऑफिसर डॉ नंदिता संघवी, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा, अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता डागा, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश चण्डालिया भी भाग लेंगे। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के स्थानीय शिक्षा विद, गणमान्य नागरिक सहित सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय लोग समारोह में भाग लेंगे।

महिला शिक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा भवन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
श्रीडूंगरगढ़ में जतनलाल पारख द्वारा कन्या कॉलेज के भवन निर्माण का बीड़ा उठाकर क्षेत्र की लाखों बालिकाओं को उच्च शिक्षा से जुड़ने का अवसर प्रदान करना होगा। ये कॉलेज एक नई सुबह का प्रारंभ होगा जिसमें क्षेत्र की बेटियां जो बीकानेर या अन्यत्र पढ़ने नहीं जा पाने के कारण कॉलेज की पढ़ाई नहीं कर पाती थी उनके लिए मील का पत्थर साबित होगा। बालिकाएं अब कॉलेज के अत्याधुनिक भवन में पढ़ाई कर अपने सपनों की उड़ान के लिए तैयारी कर सकेगी।

जीव जतन जन कल्याण ट्रस्ट बना सेवा व आस्था का पर्याय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जीव जतन जन कल्याण ट्रस्ट सेवा व आस्था के लिए कार्य करने का पर्याय बन गया है। करीब 70 से अधिक शिव मंदिरों का निर्माण करवाने के साथ ट्रस्ट ने शिव भक्ति की अलख जगाने का कार्य किया है। वहीं मुख्य बाजार में पुराने पालिका के नए व आधुनिक भवन “जीव जतन पालिका” भवन का निर्माण भी जनहित में ट्रस्ट द्वारा करवाया गया। कालू रोड से शहर में प्रवेश के लिए भव्य शिव द्वार का निर्माण, अनेकों स्कूलों में कक्षा कक्षों का निर्माण करवाने, पर्यावरण संतुलन के प्रयासों में प्रति वर्ष हजारों की संख्या में वृक्षों के पौधे घर-घर, गांव-गांव वितरण करवाने, यहां तक की एक मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य भी ट्रस्ट द्वारा करवाया गया है। तेरापंथ समाज के अनेक कार्यों में धन सहयोग, अनेक चिकित्सा शिविरों में राशि सहयोग देने में भी ट्रस्ट अग्रणी रहा है। ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी जतनलाल पारख आज पूरे क्षेत्र में बड़े भामशाह के रूप में जाने जाते है। अब उनके द्वारा क्षेत्र में महिला शिक्षा के लिए कॉलेज भवन का निर्माण करवा कर देना आने वाली पीढ़ियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के क्षेत्र में बड़ा योगदान होगा। पूरे अंचल में शिक्षा के लिए किए गए इस दान की चारों और चर्चा के साथ सराहना हो रही है।