






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 मई 2022। ए भाई जरा देख को चलो ये सड़क ही नहीं गढ्ढो की डगर है ये गीत दुलचासर से सूडसर जाने वाले श्रीडूंगरगढ़ नोखा मुख्य संपर्क सड़क के हाल बयां कर रहा है। सैंकड़ो ग्रामीणों का इस सड़क से गुजरना दूभर हो गया है और वाहनों में टूट फुट का खर्चा भी दुगुना हो जाने से वाहन चालक खासे परेशान है। यहां बने गौरव पथ के नीचे डाली गई सीवरेज लाइन ओवरफ्लो हो गई है और करीब एक पखवाड़े से सड़क पर गंदा पानी पसरा पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के 40 से अधिक गांवो के ग्रामीणों का यहां से आना जाना होने के साथ ही इस मार्ग से रोजाना अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का आवागमन होता है। सड़क की दुर्दशा की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है जिससे ग्रामीण परेशान हो गए है। ग्रामीणों ने यहां कभी भी यहां गंभीर हादसा होने का अंदेशा भी जताया है। गांव के बाबूलाल जोशी ने बताया कि सड़क की मरम्मत शीघ्र नहीं करवाई गई तो आने वाले बरसात के मौसम ये बड़ी समस्या बन जाएगी। यहां आस पास के ग्रामीणों ने कहा कि ड्रेनेज की व्यवस्था ढंग से नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर पड़ा रहता है और इसी से सड़क उखड़ जाती हैं। जिसका हाल धीरे-धीरे बद से बदतर होता जाता है। गांव के रेवंतदास स्वामी ने कहा कि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा यथाशीघ्र सड़क की मरम्मत की जानी चाहिए क्योंकि सड़कों की हालत ऐसी खराब हो रखी है कि किसी वाहन से आना जाना तो दूर पैदल पार करना मुश्किल हो गया है।




