






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अक्टूबर 2021। तेल की बढ़ती कीमतों ने पहले ही आम आदमी का जीना दूभर कर रखा है और आज पेट्रोल डीजल की हड़ताल ने एक ही दिन में आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है। बढ़ती तेल की कीमतों के कारण सब्जियों व फलों पर प्रति किलोमीटर का किराया भार 3 से 4 रुपए प्रति किलो से बढ़ कर 5 से 6 रुपए प्रति किलो तो हो ही गया है और आज हड़ताल ने कोढ़ में खाज का काम कर दिया। श्रीडूंगरगढ़ में जयपुर, चौमू, सीकर व भीलवाड़ा मंडी से माल आ रहा था जो कल केवल चौमू व जयपुर मंडी गई हुई गाड़ियां ही लौट कर आएगी और सीकर मंडी व भीलवाड़ा मंडी से माल नहीं आने की आशंका के चलते फल सब्जियों के भावों में उछाल आ गया है। बस स्टैंड के पीछे ज्योतिबा फूले सब्जी मंडी के व्यापारी किशन माली ने बताया कि डेंगू ने मौसमी, नारियल पानी, कीवी के दाम पहले ही बढ़ा दिए थे और आज तेल ने सब्जियों में उछाल ला दिया है। उन्होंने बताया कि हड़ताल लंबी चली तो सब्जियों के भाव में ओर तेजी आ सकती है। सरकारी अस्पताल के पास स्थित सब्जी मंडी के व्यापारी इमरान खान ने बताया कि रविवार की तुलना में आज 10 रुपए प्रति किलो रिटेल सब्जियों के दाम बढ़ें है। खान ने कहा कि सब्जियों में लगातार तेजी आ रही है और हड़ताल के कारण माल कम हुआ और खपत व मांग रहने के कारण भावों में इजाफा होगा। इन व्यापारियों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को आलू 13 से 15 रुपए प्रति किलो से बढ़कर आज 18 से 22 रुपए प्रति किलो तक बिके है। प्याज 50 के पार पहुंचे तो हरी मिर्ची एक ही दिन में 40 से 60 पर पहुंच गई है। टमाटर 50 से 60 रुपए प्रति किलो बिका तो मौसमी 55 से 60 तक, नारियल पानी 60 रुपए प्रति नग और कीवी 100 रुपए के 2 या 3 नग तक बिके है। सब्जी व्यापारियों ने कहा कि कल हड़ताल की स्थिति साफ होने पर आगे भावों की स्थिति भी स्पष्ट हो सकेगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ जुड़ कर जुड़ें उन समाचारों से जो जुड़ें है सीधे आपसे। श्रीडूंगरगढ़ की सभी प्रामाणिक व विश्वसनीय खबरों से रहें अपडेट आपके अपने न्यूज ग्रुप श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ।



