May 21, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 मई 2022। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के बाजार में शुक्रवार को तगड़ा हड़कम्प मचा रहा जब घुमचक्कर रोड पर लोगों की दुकानों के काउंटर से जबरन सामान उठा लिया गया। यह किसी लूट या चोरी की घटना का सीन नहीं बल्कि कस्बे में नगरपालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर की गई कार्रवाई का नजारा रहा। पालिका द्वारा कुछ दिन पहले बाजार में सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने का विज्ञापन जारी किया गया था और शुक्रवार कार्रवाई शुरू की गई। लेकिन यह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कब दबंगई में बदल गई कस्बे के व्यापारियों को पता ही नहीं चला। ख़बर में नीचे दिए गए वीडियो में आप देख सकते हैं कि किस प्रकार पालिका ने दुकानों के काउंटर पर पड़े सामान को उठा लिया और महंगे उपकरणों को ट्रेक्टर ट्रॉली में फेंक कर तोड़ दिया गया। घटना के बाद कस्बे के व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया और व्यापारियों ने दुकानें बन्द करते हुए घुमचक्कर रोड पर टायर जला कर विरोध जताया गया। बाद में सड़क खोलते हुए व्यापारी व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम सुंदर पारीक, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष ताराचन्द सारस्वत, भाजपा शहर महामंत्री प्रदीप जोशी, विवेक माचरा, आशीष जाड़ीवाल की अगुवाई में एसडीएम ऑफिस पहुंचे और अपना रोष जताते हुए ज्ञापन दिया। ज्ञापन में पालिका पर भय फैलाने के लिए की गई कार्रवाई का आरोप लगाया गया और दोषी कार्मिकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई। इस दौरान व्यापारी मूलनाथ सिद्ध, जयप्रकाश मंडा, रामावतार सैनी, दीपक, अमित पारीक सही कई जने मौजूद रहें और पालिका के खिलाफ अपना रोष जताया।

श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की प्रामाणिक व विश्वसनीय खबरों से जुड़ने के लिए आज ही जुड़े 50 हजार से अधिक लोगों की आवाज बने क्षेत्र के एकमात्र मीडिया ग्रुप श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ और अपडेट रहें हर खबर से।