May 20, 2026
00100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 दिसंबर 2022। कोलायत में ग्राम विकास अधिकारी पर हुए हमले की निंदा करते हुए ग्राम विकास अधिकारी संघ ने 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने पर हड़ताल करने का ऐलान किया है। पंचायत समिति कोलायत की ग्राम पंचायत नोखड़ा के ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मणदान देपावत निवासी देशनोक पर 5 दिसंबर को हुए हमले का विरोध करते हुए श्रीडूंगरगढ़ ग्राम विकास अधिकारी संघ के सदस्यों ने ज्ञापन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्राम विकास अधिकारी ने कोलायत थाने में मामले की एफआईआर दर्ज करवाते हुए ग्राम पंचायत भवन में राजकार्य करते समय सरपंच के ससुर व 5 नामजद सहित अन्यों के खिलाफ पर गाली गलौच कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। संगठन के सदस्यों ने घटना के तीन दिन व्यतीत हो जाने पर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए रोष प्रकट किया है। संगठन ने जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी को आगामी 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होने पर पूरे जिले के ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा संपूर्ण कार्य बहिष्कार की बात कही है। इस दौरान संघ के सदस्य मौजूद रहे।