






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जनवरी 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के युवा अनिल जोशी अखिल भारत वर्षीय गुर्जर गौड़ ब्रह्मण युवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचें। इस मौके पर उनके पैतृक गांव आड़सर में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ जोशी का भव्य अभिनंदन किया। पूरा गांव, गांव के युवा की इस उपलब्धि पर गर्वित होकर आड़सर माताजी के जयकारों से खूब गुंजायमान हुआ है। जोशी ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को सुबह दिल्ली से रवाना होकर हरियाणा के रोहतक, हिसार पहुंचें। वहां समाज की बैठकों को संबोधित कर युवाओं को समर्पण भावों के साथ समाज हित में सक्रिय होने का आह्वान किया। यहां से जोशी सरदारशहर पहुंचें, जहां उनके लिए भव्य अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया एवं समाज के वरिष्ठजनों ने उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर जोशी ने सरदारशहर में समाज के युवाओं को संगठन का मजबूती से साथ देने का आह्वान किया। सरदारशहर से अपने काफिले के साथ जोशी श्रीडूंगरगढ़ पहुंचें एवं श्रीडूंगरगढ़ सीमा में प्रवेश करने पर विप्र फांउडेशन के जिलाध्यक्ष सुनील तावणियां की अगुवाई में विप्र कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। यहां से अपने पैतृक गांव आड़सर पहुंचने पर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से उनका ढ़ोल नगाड़े बजाकार, पुष्पवर्षा करते हुए फुलमालाएं व साफा पहनाते हुए उनका अभिनंदन किया। गांव के बस स्टैण्ड से माताजी मंदिर तक स्वागत जुलूस निकाला गया एवं रास्ते में ग्रामीणों ने उनका उत्साह के साथ स्वागत किया। माताजी मंदिर में धोक लगा कर जुलूस पूरा हुआ और जोशी के आवास पर जोशी परिवार द्वारा ग्रामीणों का आभार जताया गया।










