






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 फरवरी 2024। गर्मी आने वाली है और पेयजल संकट का सामना कर रहें ग्रामीणों का गुस्सा अब आक्रोश में बदलने लगा है। क्षेत्र के गांव मोमासर में आज पीएचईडी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए ग्रामीणों ने दो माह पूर्व ट्यूबवैल निर्माण के प्रारंभ हुए कार्य का अल्प परिणाम देखकर कहा कि विभाग “नौ दिन चले अढ़ाई कोस” की शैली पर कार्य कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि एक साल लगातार विभाग के कई चक्कर काटने के बाद पेयजल समस्या से छुटकारे की उम्मीद जागी परंतु विभाग के कारण उम्मीद रोष का कारण बन गई है। गांव में दो ट्यूबवैल स्वीकृत हुए और समाजसेवी अशोक पटावरी ने बताया कि नाहटा कुंए के पास एक ट्यूबवैल का काम शुरू किया गया। यहां रोटरी मशीन के बाद डीटीएच मशीन लगानी है और ग्रामीणों की लगातार मांग के बाद डीटीएच मशीन नहीं लगाई जा रही है। दूसरे ट्यूबवैल का काम ही शुरू नहीं हुआ है। आज जब रोटरी मशीन का ऑपरेटर उसे लेकर रवाना होने लगा तो पटावरी सहित ग्रामीणों ने उसका घेराव कर रोक लिया। ग्रामीणों ने आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए शीघ्र समाधान की मांग करते हुए विभाग द्वारा डीटीएच मशीन लगवाने पर ही रोटरी मशीन अन्यत्र जाने देने की बात कही। विभाग की जेईएन साधना मीणा ने बताया कि रोटरी मशीन से 650 फीट खुदाई कर दी गई है व डीटीएच मशीन की कार्रवाई की जाएगी। विभाग के एईएन मांगीलाल मीणा ने बताया कि दूसरे ट्यूबवैल के लिए कल चिह्नीकरण किया जाएगा व कल ही रोटरी मशीन द्वारा खुदाई प्रारंभ कर दी जाएगी। मीणा ने कहा कि डीटीएच मशीन के लिए विभाग को डिजायर दी हुई है व लगातार प्रयास किए जा रहें है। डीटीएच मशीन के आने पर प्रथम पॉइंट पर खुदाई पूरी की जाएगी।




