






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अक्टूबर 2025। प्रदेश भर में सरकारी व्यवस्थाओं पर आमजन की सुरक्षा को लेकर अनेक सवाल उठ रहें है। प्रदेश भर में स्कूलों की दीवारें कमरों के गिरने का सिलसिला जारी है, ऐसे अनेक मामले सामने आ रहें है। मंगलवार सुबह क्षेत्र के गांव देराजसर में राउमावि की दीवार भर्रभर्रा कर गिर गई। गनीमत रही स्कूल प्रारंभ होने से पहले दीवार गिरी जिससे किसी बच्चे को चोट आने की दुर्घटना नहीं हुई। बरसात से गिरी दीवार का मलबा मुख्य गली में फैल गया। ग्रामीणों ने पुराने व जर्जर कमरों की स्थिति पर चिंता जताते हुए शिक्षा विभाग को बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल परिसर में 50 साल पहले बने 8 कमरों में से कुछ कमरों की स्थिति बेहद खराब है। बारिश के दौरान इन कमरों की छत से पानी टपकता है। विभाग ने गत दिनों यहां एक कमरे को सील भी कर दिया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल भवन की तुरंत मरम्मत करवाने की मांग की करते हुए जर्जर भवन की नियमित जांच व निगरानी करवाए जाने की बात रखी। पंचायत के प्रशासक गोमंदराम मेघवाल ने बताया कि स्कूल की पूरी चारदीवारी पुरानी व जर्जर हो गई है और इस बारे में कई बार प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है। परंतु प्रशासन द्वारा अभी तक कोई सुनवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि स्कूल में पुराने कमरों को ढहा कर नए कमरों का निर्माण करवाए जाने की आवश्यकता है।




