






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अप्रैल 2022। गर्मी में तपती धूप में कार्य करते हुए चक्कर आना आम है और इससे घटित दुर्घटना में जान भी जा सकती है। आज ऐसी ही घटना सामने आई श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव लिखमादेसर में। यहां बिजली का कार्य कर रही एक कंपनी में कार्यरत श्रमिक की टॉवर से नीचे गिरने से दुःखद मौत हो गयी है। मृतक के भाई जुगल महतो ने पुलिस थाने में मर्ग दर्ज करवाते हुए बताया कि उसका भाई 42 वर्षीय भागीरथ महतो निवासी हजारीबाग, विष्णुगढ़, झारखंड लिखमादेसर में केईसीई इंटरनेशनल कम्पनी के टावर पर काम कर रहा था। आज दोपहर 12 बजे टावर पर काम करने के दौरान चक्कर आने से गिर गया और घायल हो गया। जिसे श्रीडूंगरगढ़ राजकीय अस्पताल लेकर आए और यहां उसकी मृत्यु हो गयी है। शव का पोस्टमार्टम करवा पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। ब्लॉक सीएमएचओ डॉक्टर संतोष आर्य ने बताया कि खाली पेट धूप में कार्य नहीं करें व पानी बार बार पीते रहें। सर को ढक कर रखें और अत्यधिक भोजन भी नहीं करें। चक्कर जैसा महसूस होते ही लापरवाही नहीं बरतते हुए तुरंत सुरक्षित स्थान पर बैठ कर या लेट कर आराम करें।



