May 20, 2026
WhatsApp Image 2022-02-08 at 10.44.19 AM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 फरवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा लगातार सरकारी ट्यूबवेलों के केबल काट कर चोरी करने का गिरोह कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय हैं और श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने इन छोटी छोटी चोरियों पर नियंत्रण और चोरों की धरपकड़ के संबंध में जन जागरूकता और पुलिस सक्रियता का आह्वान करते हुए एक्सक्लुसिव ख़बर का प्रकाशन किया था। खबर पढ़ कर इस संबंध में पुलिस तो सक्रिय हुई या नहीं परन्तु जनता जरूर जागरूक हुई। और इसी का परिणाम रहा की गांव जोधासर में सरकारी ट्यूबवेल पर केबल चोरी का प्रयास करते हुए चोरों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। लेकिन क्षेत्र के ग्रामीण लगातार हो रही इन चोरियों से इतना हैरान नहीं हुए जितना इस बात से हुए हैं कि ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए चोरों को गिरफ्तार करने का क्रेडिट गेम पुलिस खेल रही है। गत 5 फरवरी को गांव जोधासर के ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए चोरों को पुलिस द्वारा अपनी सफलता दिखाने की कहानी की इनसाइड स्टोरी श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने अपने पाठकों के लिए जुटाई है और चोरों को पकड़ने की लाईव तस्वीरें भी आप भी देखें इस खबर में आगे।

शातिर थे चोर, ग्रामीण युवाओ ने सूझबूझ से पकड़ा।श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तहसील के गांव जोधासर के जागरूक युवा मैडी नाथ, राकेश नाथ, प्रताप नाई गत 5 फरवरी की रात को एक विवाह उत्सव में शामिल होने के लिए एक बाइक पर जा रहे थे। गांव से निकलते ही नेशनल हाइवे 11 पर सरकारी ट्यूबवेल के पास लावारिस स्थिति में एक बिना नम्बरो की बाइक खड़ी दिखी। इन युवाओ ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स में कुछ दिन पहले ही प्रकाशित हो रखी चोरों के बारे में सावधान करने वाली खबर पढ़ी हुई थी और ट्यूबवेल के पास लावारिस बिना नम्बरो की बाइक देख कर तीनो वहां रूके और बाइक को संभाला। थोड़ी देर तक बाइक के पास कोई नहीं आया तो युवकों ने बाइक को गांव के अंदर खड़ी करने का मन बनाया और घसीटते हुए ले जाने लगे। इस पर वहां पास ही छिपा हुआ एक युवक आया और बोला कि बाइक खराब हो गई स्टार्ट नही पा रही। इस युवाओ ने सूझबूझ से काम लेते हुए बाइक को उसके भरोसे छोडा नहीं और स्टार्ट का प्रयास किया। चाबी लगाते ही पहले प्रयास में ही बाइक स्टार्ट हो गई और वहां ट्यूबवेल के स्विच रूम में छिपा दूसरा चोर भी निकल कर आ गया। इस पर जोधासर के युवाओ को शक हुआ और इन युवकों ने गांव के युवा साथी नरेन्द्रसिंह, जीतू बन्ना को भी वहां बुला लिया। पांचों युवकों ने कड़ाई से पूछताछ की तो दोनो युवक घबरा गए और ट्यूबवेल से केबल चोरी करने के लिए आने की बात स्वीकार कर ली। ट्यूबवेल की केबल काट कर चोरी करने का प्रयास कर रहे दोनो युवकों को केबल काटने के चार फंदर, प्लास, बाइक सहित धर लिया। थोड़ी देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और शेरूणा पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया एवं दोनो चोरों को पुलिस को सुर्पुद कर दिया गया। लेकिन यहां ट्विस्ट तो तब आया 5 तारीख को ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए 2 चोरों में से एक को श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने 7 फरवरी को गिरफ्तार दिखाया। ट्यूबवेल से केबल चोरी की इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में दर्जन भर जगहों पर हो चुकी है और सभी जगहों की सूचना भी लिखित में पुलिस को दी जाती है। लेकिन पुलिस द्वारा मुकदमे कम ही दर्ज किए जाते हैं और परिवाद की जांच के नाम पर खानापूर्ति कर दी जाती है। ऐसे में 5 फरवरी को केबल चोर पकड़े जाने के बाद श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने गांव तोलियासर में गत 23 जनवरी की रात को 100 मीटर केबल चोरी के प्रकरण में मुकदमा दर्ज किया। इसी मुकदमे में जिला एसपी योगेश यादव के निर्देशन में, एडिशनल एसपी ग्रामीण और सीओ श्रीडूंगरगढ़ के सुपरविजन में अनुसंधान करते हुए एक आरोपी नाथवाणा, लूणकरणसर निवासी 21 वर्षीय युवक घनश्याम लुहार को 7 फरवरी को गिरफ्तार करने की सफलता हासिल करने का प्रेस नोट जारी किया है। अब पुलिस की कार्यवाही के बाद कई सवाल उठे हैं जिनका जवाब बाकी है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 5 फरवरी की रात रंगे हाथों केबल चोर को पकड़ा ग्रामीण युवाओं ने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्रामीणों की जागरूकता से धरे गए चोर, ग्रामीणों द्वारा शेरुणा पुलिस को दी गई सूचना।