May 21, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांवो में जागरूक युवा पब्लिक पुलिसिंग का काम बखूबी वीरता के साथ कर रहे हैं। मंगलवार अलसुबह करीब 3 बजे क्षेत्र के गांव जालबसर में एक शादी समारोह से लौट रहे युवाओं ने गांव से संदिग्ध रूप से गुजर रहे दो मोटरसाइकिल सवारों को रोका व पूछताछ की तो सामने आया कि ये युवक चोर थे और चोरी की गई केबलों की सप्लाई देने सूने ग्रामीण रास्ते का उपयोग कर रहे थे। ऐसे में युवाओं ने दोनों चोरों को धर लिया व सरपंच के घर पर बैठा लिया। बाद में पुलिस को सूचना की गई तो मौके पर हेडकांस्टेबल भगवानाराम पहुंचे व दोनों युवकों को थाने लेकर आये जहाँ दोनों से पूछताछ की जा रही है। युवकों के पास बोरा भर कर ट्यूबवेल को स्विचरूम से जोड़ने वाली काटी हुई थ्री फेस केबल मिली है।

बड़े गिरोह की आशंका, ग्रामीण रूट के चक्कर मे भटके रास्ता, बड़ा गिरोह सामने आने का अनुमान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जालबसर के ग्रामीणों ने इन युवाओं से पूछताछ की तो मौके पर प्राथमिक जानकारी केबल चोरी के बड़े गिरोह का इस चोरी में शामिल होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने बताया कि ये चोर महंगी केबल से भरा बोरा सरदारशहर तहसील के गांव मालसर-मालकसर में देने जा रहे थे। मालसर-मालकसर निवासी दुकानदार ने अपनी दुकान सरदारशहर में कर रखी है। चोरी का माल इस दुकानदार तक पहुंचाने के लिए ये चोर रात को सुनी रहने वाली ग्रामीण संपर्क सड़को का प्रयोग करते हैं। मंगलवार सुबह पकड़े गए चोरो ने भी गांव कानोता से ये चोरी की केबल लेने व जालबसर होते हुए पाटमदेसर होते हुए मालसर जाने वाले थे। लेकिन रास्ता भटकने से वे जालबसर से नकोदेसर रोड पर आ गए व आबादी क्षेत्र में आने से पकड़े गए।
बड़ी संख्या में होती है केबल चोरी, किसान, ग्रामीण, प्रशासन सभी परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में कृषि कुंए हो या पेयजल आपूर्ति के सार्वजनिक कुंए, इन कुंओं से केबल चोरी की घटनाएं बड़ी संख्या में क्षेत्र में होती है। कम पैसों की होने के कारण पुलिस में दर्ज तो नही हो पाती लेकिन परेशानी खूब होती है। ये चोर स्विच रूम से कुंए तक कि केबल को ही काट कर ले जाते हैं। ऐसे में आये दिन गांवो में पेयजल किल्लत भी सामने आती है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चोर से पकड़े गए बोरे को खुलवा कर जांच करते श्रीडूंगरगढ़ पुलिस के जवान।