May 21, 2026
इस छोटी सी इलायची के हैं ढेरों फायदे

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 मार्च 2021। आप शायद नहीं जानते होंगे लेकिन हरी रंग की छोटी सी इलायची को मसालों की रानी के रूप में जाना जाता है. बीती कई सदियों से भोजन में इस्तेमाल होने के साथ ही पारंपरिक दवाइयां बनाने में भी इलायची का उपयोग हो रहा है. इलायची का फ्लेवर हल्का सा मीठा और ठंडक देने वाला होता है, इसलिए बहुत से लोग पुदीने से भी इसकी तुलना करते हैं. जिस तरह सर्दी के मौसम में अदरक वाली चाय पसंद की जाती है उस तरह इलायची वाली चाय का भी अपना ही मजा है. सब्जी से लेकर मिठाई तक में इलायची का इस्तेमाल किया जाता है. इलायची में ढेर सारे औषधीय गुण भी होते हैं और इसलिए इलायची सेहत के लिए भी फायदेमंद है.

हाई ब्लड प्रेशर में फायदेमंद है इलायची

इलायची हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है. एक स्टडी में शामिल प्रतिभागियों को 12 हफ्ते तक रोजाना 3 ग्राम इलायची पाउडर दिया गया. 12 हफ्ते के बाद इन सभी का ब्लड प्रेशर लेवल काफी हद तक नॉर्मल रेंज में आ गया था. इसका कारण ये है कि इलायची में एंटीऑक्सिडेंट्स अधिक होता है जो ब्लड प्रेशर कम करने में मदद करता है.

दांत और मुंह की बीमारियों से बचाती है इलायची

जब बात माउथ फ्रेशनर की आती है तो ज्यादातर लोगों को सिर्फ सौंफ ही याद आता है लेकिन इलायची भी एक बेहतरीन माउथ फ्रेशनर है. यह मुंह में मौजूद उन बैक्टीरिया को दूर करने में मदद करती है जिनकी वजह से सांस की बदबू, दांतों में सड़न और मसूड़ों की बीमारी होती है. इलायची मुंह के pH बैलेंस को भी बनाए रखने में मदद करती है.

उल्टी और जी मिचलाने की समस्या दूर करती है इलायची

इलायची हल्की उल्टी और जी मिचलाने की समस्या दूर करने में भी मदद करती है. अगर आपको यात्रा के दौरान मोशन सिकनेस की समस्या हो तो इलायची हमेशा अपने पास रखें. जी मिचलाने या उल्टी के दौरान जैसे ही बेचैनी महसूस हो तो आप एक या दो इलायची अपने मुंह में लेकर धीरे-धीरे चबाएं. ऐसा करने से राहत मिलेगी.

(नोट: किसी भी उपाय को करने से पहले हमेशा किसी विशेषज्ञ या चिकित्सक से परामर्श करें.)