May 20, 2026
WhatsApp Image 2025-05-28 at 22.26.53

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 मई 2025। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में पेयजल के लिए माहौल में आग लगी हुई है एवं इस आग का ताप लगातार बढ़ता जा रहा है। इस आग को विपक्ष विरोध प्रदर्शन के साथ हवा देने में जुटा है तो सत्ता पक्ष इसे ठंडा करने के प्रयास कर रहा है। ऐसे में बुधवार को स्टेशन रोड़ स्थित पानी की मुख्य टंकी पर पानी सप्लाई शुरू-बंद करने वाले ठेका कार्मिक के साथ मारपीट के आरोप भी सामने आ रहे है एवं ठेका कार्मिकों द्वारा गुरूवार को हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी गई है। पूरा शहर भंयकर पेयजल किल्लत से झूझ रहा है एवं ऐसे में यह हड़ताल हो गई तो कोढ़ में खाज का सामना क्षेत्रवासियों को करना पडेगा।

यह लगाए आरोप, गुरूवार सुबह 9 बजे लेगें सामूहिक निर्णय।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जलदाय विभाग द्वारा शहर में पेयजल सप्लाई शुरू करने एवं बंद करने के लिए जनता आयरन इण्ड्रस्ट्रीज को कार्मिक ठेका दिया हुआ है एवं इस फर्म के माध्यम से करीब 14 जनें शहर भर में विभिन्न बुस्टरों, टंकियों पर तैनात है। बुधवार को पानी की मुख्य टंकी पर सुबह करीब 8.30 बजे ठेकाकर्मी महेन्द्र सांसी के साथ पेयजल सप्लाई नहीं आने से आक्रोशित लोगों द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया जा रहा है। इस संबध में महेन्द्र ने पुलिस थाने में दो नामजद सहित करीब 10 जनों के खिलाफ अपनी परिवाद देते हुए मामला दर्ज करने की मांग की गई। हालांकी इस संबध में देर रात तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है एवं परिवाद पर अन्य ठेकाकर्मी कमल, नेमाराम, हीराराम, बेगराज, मनोज सांसी, भंवरलाल, अल्पेश कुमार सहित सहायक अभियंता ने भी हस्ताक्षर किए है। वहीं मामला दर्ज नहीं होने पर कार्मिकों ने गुरूवार सुबह 9 बजे पानी की मुख्य टंकी पर बैठक बुलाई है। कार्मिक बेगराज ने बताया कि मामला दर्ज नहीं होने पर हड़ताल का निर्णय लिया जाएगा।

भाजपाईयों ने किया नए संसाधनों का स्वागत।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहर की पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए विधायक ताराचंद सारस्वत सहित भाजपा गंभीर दिख रही है एवं इन गंभीर प्रयासों से बुधवार रात्रि को जलदाय विभाग के स्टोर में नए 6 बुस्टर, 2 मोटरें व पाईपलाईन पहुंच चुकी है। भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट राधेश्याम दर्जी ने बताया कि लंबे समय तक क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया एवं इस कारण हालात बद से बदतर हो गए एवं यह पहली बार है जबपेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए इतने बड़े पैमाने पर संसाधन श्रीडूंगरगढ़ को मिले है। इन संसधानों को लगाने से जल्द ही शहर में पेयजल व्यवस्था सुधर सकेगी। दर्जी ने बताया कि शहर की पेयजल किल्लत के लिए पार्टी कार्यकर्ता लगातार सक्रिय है एवं लगातार विभागीय अधिकारियों से समन्वय बना कर हर घर तक पेयजल सप्लाई सुचारू करवाने में जुटे रहेगें। इस दौरान पार्षद जगदीश गुर्जर, रामसिंह राजपुरोहित, मंडल महामंत्री मदन सोनी आदि भी उपस्थित रहे एवं क्षेत्र में पहुंचें इन संसाधनों का स्वागत किया।