






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 दिसम्बर 2021। आज गांव तोलियासर के विश्व प्रसिद्ध मन्दिर में मूर्ति चोरी प्रकरण में संघर्ष समिति के सदस्यों की गर्मागर्मी रही वहीं प्रशासन की अनदेखी पर पुजारी वर्ग में भी नाराजगी नजर आई। भैरव संघर्ष समिति के बैनर तले गुरुवार को ग्रामीणों ने मंदिर प्रांगण में विरोध जताया ओर इसके बाद सामूहिक रूप से श्रीडूंगरगढ़ पहुंच कर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया। सदस्यों ने तत्कालीन पुजारियों पर भैरव जी मूर्ति को खुर्द बुर्द करने के मुकदमे में जल्द दोषियों को सजा दिलवाने ओर आस्था को देखते हुए मंदिर में भक्तों द्वारा मूर्ति स्थापना करवाने की मांग की। वहीं भैरव संघर्ष समिति संयोजक जगदीश पुरोहित ने प्रशासन द्वारा गत 1 साल से मंदिर पुजारी को तनख्वाह, पूजा सामग्री, बिजली बिल भरने संबंधी व्यवस्था नहीं करने व वर्तमान पुजारी को अनावश्यक धमकाने का आरोप लगाया। समिति के जगदीश पुरोहित ने कहा कि पिछले 9 साल से प्रशासन सुनवाई नहीं कर रहा है व अब उपखंड कार्यालय के बाहर समिति द्वारा धरना दिया जाएगा। ग्राम पंचायत तोलियासर की सरपंच रेखा कंवर राजपुरोहित ने भी इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन देकर मंदिर संस्थापक श्री देईदास राजपुरोहित के वंशजों के ईस्ट देव के रूप में बीकानेर स्टेट राजपुरोहित समाज पंचायत के मार्फ़त नई मूर्ति की व्यवस्था करवाने की मांग की है।



