May 21, 2026
000100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 नवंबर 2024। महाराष्ट्र में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने तथा राजस्थान में 7 विधानसभाओं के उपचुनाव में 5 विधानसभा सीटों पर विजय हासिल करने से भाजपा खेमे में खासा उत्साह है। विधायक विधायक ताराचंद सारस्वत ने इसे भाजपा के देशहित कार्य व राष्ट्रप्रथम की भावना की जीत बताते हुए प्रसन्नता जताई। सारस्वत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई संदेश भेजा। सारस्वत ने टाइम्स को बताया कि कांग्रेस के मंथन का समय है कि जनता ने उन्हें पूरी तरह से नकार दिया है। देश अब कांग्रेस मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा है। सारस्वत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से फोन पर वार्ता कर भाजपा के जीत की बधाई दी। विधायक सारस्वत ने अपने ग्रामीण दौरे के बीच ही विधानसभा क्षेत्र के नौसरिया गांव के पास बीदासर रोड पर कार्यकर्ताओं के साथ पटाखे फोड़कर एक दूसरे का मुंह मिठा करवाया। इस दौरान जश्न में वाइस चेयरमैन बंशीधर सुथार, पार्षद जगदीश गुर्जर, महामंत्री महेश राजोतिया, युवा मोर्चा ज़िला उपाध्यक्ष भवानी प्रकाश तावणीयां, मूलचंद इंदौरिया, पार्षद रामसिंह राजपुरोहित, राजू गुर्जर, नौरंगलाल, महेंद्र पुरोहित, मनोज गुर्जर, गणेश बिहानी, सीताराम सिखवाल, शंकर जोशी सहित आदि कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर खुशियां जताई। भाजपा नेता विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने राजस्थानवासियों सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं को जीत की बधाई दी। सुथार ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कुशल नेतृत्व में मिली विजय पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी।