






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 फरवरी 2025। मरूभूमि शोध संस्थान, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा अन्तरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस, 21 फरवरी को श्रीडूंगरगढ़ में समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। संस्थान के निदेशक साहित्यकार प्रो. भंवर भादानी ने बताया कि आयोज्य समारोह में राजस्थानी शब्दों की अंवेर व अर्थवत्ता पर विद्वानों द्वारा विमर्श किया जाएगा। सचिव श्याम महर्षि ने आयोजन की रूपरेखा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भाईचारा फाउण्डेशन के अध्यक्ष साहित्य मनीषी वेद व्यास की अध्यक्षता में होने वाले इस समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात साहित्यकार डॉ. गजादान चारण होंगे। समारोह के संयोजक साहित्यकार रवि पुरोहित ने बताया कि समारोह में भंवरलाल सम्पतदेवी हीरावत परिवार, रतननगर के सौजन्य से प्रवर्तित महाराणा प्रताप राजस्थानी साहित्य सृजन पुरस्कार नागौर जिले के साहित्यकार लक्ष्मणदान कविया को सतत राजस्थानी साधना के लिए दिया जाएगा। प्रति वर्ष दिया जाने वाला पं. मुखराम सिखवाल स्मृति राजस्थानी साहित्य सृजन पुरस्कार बीकानेर के शिक्षाविद साहित्यकार डॉ. गौरीशंकर प्रजापत को उनकी काव्य कृति ‘भळै भरोसो भोर रो” को घोषित किया गया है। इस अवसर पर सूर्यप्रकाश बिस्सा स्मृति राजस्थानी महिला लेखन सम्मान और कला-डूंगर कल्याणी स्मृति राजस्थानी बाल साहित्य सम्मान के लिए पूर्व चयनित एवं प्रकाशित पांडुलिपियों की पुस्तकें “आंख्या आळा आंधा” और “बातां री मुळक” समारोह में लोकार्पित की जाएगी और इनके रचनाकारों किरण राजपुरोहित नितिला, जोधपुर व विमला नागला, केकड़ी को सम्मानित किया जायेगा। समारोह में अनेक साहित्यकार व साहित्य प्रेमी लोग शामिल होंगे।



