






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अगस्त 2025। बरसात नहीं होने से लग रहा है रामजी रूठ गए और बिजली नहीं मिलने से लग रहा है राज भी रूठ गया है। ये बात श्रीडूंगरगढ़ अंचल के किसान कह रहें है। किसान खेतों में खड़ी फसलों को पानी नहीं मिलने से सुखते खेत देखकर अपनी मेहनत पर पानी फिर जाने की स्थिति से व्याकुल है। वहीं नुकसान की आशंका से किसान परिवार आहत हो रहें है।
पूरे पश्चिमी राजस्थान में बिना बरसात फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ अंचल में सिंचित क्षेत्र के किसान बिजली ट्रिपिंग व पूरी बिजली नहीं मिलने से बुरी तरह से परेशान है। सेरूणा ग्राम पंचायत में माताजी जीएसएस से सप्लाई लाइन के सभी फीडरों के सभी किसानों के खेतों पर बिजली के कारण सिंचाई बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। खड़ी फसल बिना पानी के जलनी शुरू हो गई है और इसे देखकर किसानों की आंखो में पानी भर आया है। ये किसान अपने हक की पूरी बिजली किसी तरह से दिए जाने की गुहार लगा रहें है। सेरूणा रोही के किसान बीरमसिंह ने बताया कि एक तो बरसात नहीं हो रही और दूसरी ओर लगातार बिजली ट्रिपिंग से मोटर नहीं चल पा रही है जिससे सिंचाई बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। यहां गत 14 दिन से बिजली के बदतर हालात है, जिससे मूंगफली में नुकसान की आशंका छा गई है। इसी रोही के किसान रेवंतनाथ सिद्ध ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए बताया कि कम वोल्टेज के कारण सोमवार को उनके ट्यूबवेल की मोटर जल गई। सिद्ध ने कहा कि अब दो दिन मोटर ठीक नहीं होगी तब तक उनकी मूंगफली की फसल में खासा नुकसान हो जाएगा। इसी रोही के श्रीकिशननाथ सिद्ध, मोडाराम साईं, हरूनाथ सिद्ध ने भी पूरे वोल्टेज के साथ पूरी बिजली की मांग की है। किसानों ने बताया कि हमारे हक की 6 घंटे बिजली में से तीन घंटे ट्यूबवेल चलाते है तो तीन घंटे बूस्टर चलाकर फसलों में सिंचाई का काम करते है। इन दिनों दोनों ही काम बिजली की ट्रिपिंग के चलते सुचारू नहीं हो रहें है। किसानों ने बताया कि वे लगातार प्रतिदिन ट्रिपिंग के फोटो वीडियों भी विभाग को भेज रहें है। किसानों ने बताया कि कम वोल्टेज से मोटर चलती नहीं और परेशान होकर उसे चलाने का प्रयास करने पर वे जल जाती हे। एक बार मोटर जलने पर किसान की जेब पर करीब 15 हजार का अतिरिक्त भार पड़ता है।
विधायक ने दिए निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधायक लोक सेवा केंद्र से सोमवार को जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि विधायक ने बिजली विभाग को किसानों को पूरी बिजली देने के निर्देश दिए है। विधायक ने किसानों की बिजली में कमी नहीं करने की बात विभाग को कही है।







