






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अगस्त 2025। छात्र संगठन एसएफआई द्वारा स्मार्ट मीटर का विरोध किया जा रहा है, और इस विरोध को व्यापक जनसमर्थन भी मिल रहा है। संगठन के आह्वान पर सोमवार को उपखंड कार्यालय के सामने होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। सभी ने यहां विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और विरोध जताया। यहां वक्ताओं ने स्मार्ट मीटर का पूरजोर विरोध किया। वहीं प्रदर्शन कर रहें लोगों ने उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तुरंत रोकने, छात्रसंघ चुनाव बहाल करवाने, बालिका प्रोत्साहन राशि में की गई कटौती को रद्द करने, स्कूटी वितरण योजना पुन: चालू करने, सरकारी कॉलेजों में बीकॉम व साइंस के साथ पीजी कक्षाएं, भौतिक संसाधन, जरूरी सुधार करवाने, कॉलेजों की लाइब्रेरी में पुस्तकालय बनवाने, खेल मैदान व शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करवाने, कॉलेजों में रिक्त पदों पर स्थाई शिक्षक लगाने, एसएससी की कार्यप्रणाली में सुधार करने, परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने, समय पर परिणाम देने, नियुक्ति एवं तकनीकी खामियों पर नियंत्रण करने की मांगे की गई है। इस दौरान एसएफआई पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में आम जन भी शामिल हुए। इस दौरान विवेक लावा, गौरव टाडा, जगदीश रैगर, प्रतीक शर्मा, शौकीन काजी, अकरम काजी, सुभाष जावा, बीरबल पूनिया, सीपीआईएम के तहसील सचिव मुखराम गोदारा, खेत मजदूर यूनियन के शेखर रैगर, सरपंच सुनील टेऊ, गौरव शर्मा, लालूराम सारण सहित अनेक लोग व महिलाएं भी शामिल हुई।





